डेढ़ घंटे में 40 एमएम बरसात, बाढ़ जैसे हालात

Rain

बारिश से फसलों को काफी नुकसान, निकासी के दावे रहे फेल

भूना (सच कहूँ न्यूज)। डेढ़ घंटे तक लगातार हुई झमाझम बारिश ने प्रशासन द्वारा पानी निकासी के लिए किए गए प्रबंधों की पोल खोल दी। शहर में 40 एमएम बारिश दर्ज की गई। जिसके बाद शहर में बाढ़ जैसे हालात बन गए। शहर के निचले क्षेत्रों के साथ-साथ मुख्य मार्गों पर भी जलभराव की स्थिति बनी रही। बारिश से फसलों को काफी नुकसान हुआ है। तैयार हो चुकी फसल बारिश के कारण अब जमीन के साथ लग गई। वीरवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर डेढ़ बजे के बाद तेज हवाओं के साथ तेज बारिश होनी शुरू हो गई।

शहर के न्यू धमीजा कॉलोनी, श्याम विहार, नेहरू पार्क, रामलीला ग्राउंड व पटवार भवन की निचली कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति बन गई। वहीं दूसरी तरफ किसानों की धान और नरमे की फसल अब पककर तैयार हो चुकी हैै। लेकिन तेज बारिश और हवाओं के कारण नरमे और धान की फसल जमीन से लग गई। नरमे की फसल में चुगाई का कार्य किया जा रहा है। लेकिन बारिश के पानी से नरमे के टींडे और रूई भी इसके कारण खराब होना शुरू हो गई है।

किसानों के लिए आई आफत

गांव भट्टू, लहरिया, रहनखेड़ी के किसान हनुमान सिंह, रमेश कुुमार, रेशम सिंह, कमल सिंह बराड़, सतबीर सिंह ने बताया कि उनकी फसल अब तैयार हो चुकी है लेकिन बारिश के कारण नरमे की फसल पूूरी तरह से खराब हो गई। इससे पहले भी हुई बारिश के कारण नरमे की फसल खराब हो गई थी। लेकिन अब फसल से उत्पादन होने की कोई उम्मीद नहीं है। उनको इसका काफी नुकसान पहुंचा है। खाद, स्प्रे और अन्य खर्च भी अब जेब से ही देना पड़ेगा।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।