हमसे जुड़े

Follow us

19.1 C
Chandigarh
Tuesday, February 10, 2026
More

    ‘बाबा गैंग’ का गुर्गा आवेश उर्फ बिल्ली गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस बरामद

    Kairana News
    Kairana News: 'बाबा गैंग' का गुर्गा आवेश उर्फ बिल्ली गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस बरामद

    आरोपी विगत 31 दिसंबर व 05 जनवरी को तीतरवाड़ा में हुई फायरिंग प्रकरण में चल रहा था वांछित

    कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Baba Gang News: कोतवाली पुलिस ने सोशल मीडिया पर बनाए गए ‘बाबा गैंग’ के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। आरोपी युवक विगत 31 दिसंबर व 05 जनवरी को गांव तीतरवाड़ा में हुई फायरिंग प्रकरण में वांछित चल रहा था।

    विगत 31 दिसंबर को सरवर उर्फ कल्लू निवासी ग्राम तीतरवाड़ा अपने भाई नदीम व साथी मुनव्वर के साथ में कार से घर जा रहा था। इसी दौरान गांव के ही सावेज व सूफियान तथा एक अज्ञात व्यक्ति बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने बाइक से सरवर उर्फ कल्लू की कार में टक्कर मार दी। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से सरवर उर्फ कल्लू पर फायरिंग कर दी, जिससे एक गोली उसके हाथ में जाकर लगी। आरोपियों के हमले में युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार हेतु कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया।

    आरोपियों के खिलाफ कोतवाली कैराना पर अभियोग पंजीकृत कराया गया। इसके बाद, विगत 05 जनवरी को बाइक सवार युवकों ने सरवर उर्फ कल्लू के घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। मामले के सम्बंध में कोतवाली पर जानलेवा हमले का अभियोग पंजीकृत कराया गया था। एसपी ने दोनों घटनाओं में शामिल आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करके जेल भेजने के निर्देश दिए थे। Kairana News

    इसी क्रम में शनिवार को एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत कस्बे की इमामगेट पुलिस चौकी प्रभारी एसआई गौरव चौहान ने तीतरवाड़ा में हुई फायरिंग प्रकरण में वांछित चल रहे आरोपी आवेश उर्फ बिल्ली निवासी ग्राम तीतरवाड़ा को नगर के पानीपत बाईपास पर स्थित अण्डरपास के निकट से गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद हुए है। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी सोशल मीडिया पर बनाए गए बाबा गैंग का सदस्य है। Kairana News

    यह भी पढ़ें:– पूर्व पर्यटन मंत्री पर दुष्कर्म का केस दर्ज कराकर 50 लाख लेकर सुलह करने वाली महिला, पति गिरफ्तार