बरोदा उपचुनाव: हुड्डा बोले- परिवर्तन की लहर चंडीगढ़ तक जाएगी

Congress

कांग्रेस की जीत पक्की (Baroda by-election)

सोनीपत (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा में सोनीपत के बरोदा विधानसभा उपचुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शुक्रवार को चुनावी सभाओं में कहा कि जनता का उत्साह देखकर लगता है कि बरोदा से परिवर्तन की बड़ी लहर उठने वाली है और यह लहर सिर्फ बरोदा तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि चंडीगढ़ जाएगी। हुड्डा ने शनिवार को कांग्रेस प्रत्याशी इंदुराज नरवाल के पक्ष में आहुलाना, भंडेरा, मदीना, छिछड़ाना, मिजार्पुर खेड़ी, कथूरा, केहलपा और छपरा में जनसभाओं को संबोधित कर श्री नरवाल के पक्ष में वोट करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पक्ष में जनता के उत्साह को देखते हुए साफ है कि उनकी पार्टी की जीत पक्की है।
उन्होंने कहा कि ये चुनाव सिर्फ मेरी नहीं बल्कि जनता की प्रतिष्ठा का सवाल है। पूरे हरियाणा की जनता चाहती है कि बरोदा में भाजपा की जमानत जब्त होनी चाहिए, क्योंकि प्रदेश का हर वर्ग इस सरकार से परेशान है। ये सरकार किसान, मजदूर, कर्मचारी, दुकानदार, व्यापारी और छोटा कारोबारी सभी का भरोसा खो चुकी है। जिस सरकार ने पूरे छह साल बरोदा के साथ भेदभाव और द्वेष रखा, अब बरोदा उस सरकार को पलटने का जनादेश देने जा रहा है।

सरकार ने किसान विरोधी फैसला लिया

उन्होंने कहा कि सरकार लोगों को बरगलाने के लिए कोरे वादे और जुमलेबाजी कर रही है, लेकिन जनता बेवकूफ नहीं है। वो जुमलेबाजी को नहीं बल्कि जमीनी हकीकत को देखकर वोट करेगी। जमीनी हकीकत ये है कि आज किसान सड़कों पर और उसकी फसल मंडी में पिट रही है। पिछले सीजन में गेहूं और इसबार धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य तक किसान को नहीं मिल पा रहा है। जो धान हमारी सरकार के दौरान चार से छह हजार रुपये प्रति क्विंटल रेट पर पहुंच गई थी, वो आज 1700-1800 रुपये में बिक रही है।
  • ऊपर से तीन नए कानून लागू करके सरकार ने किसान विरोधी फैसला लिया है।
  • इन कानूनों में न्यूनतम समर्थन मूल्य का कहीं कोई जिक्र नहीं है।
  • इसलिए हम लगातार चौथे कानून की मांग कर रहे हैं।
  • पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इसलिए बरोदा की जनता तय कर चुकी है।
  • वो किसान-मजदूरों के हक में फैसला लेगी।
  • सरकार के खिलाफ वोट डालकर उसके फैसलों का विरोध करेगी।  

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।