भारत बंद : दिल्ली से पंजाब तक रेल ट्रैक पर बैठे किसान

Bharat Bandh farmers shut down Ghazipur border, sit on railway track in Amritsar

नई दिल्ली l नए कृषि कानूनों के खिलाफ आज किसान संगठनों का भारत बंद है l 12 घंटे के इस भारत बंद के दौरान सुबह 6 से शाम 6 बजे दिल्ली के खुले वैकल्पिक रास्ते बंद रहेंगेl किसान आंदोलन के 4 महीने पूरे होने पर भारत बंद का एलान किया गया हैl किसानों की ओर से प्रदर्शन को शांतिपूर्ण रखने की अपील की गई है lBharat Bandh farmers shut down Ghazipur border, sit on railway track in Amritsar

अमृतसर में किसानों ने जाम किया रेलवे ट्रैक

अमृतसर में किसानों ने रेलवे ट्रैक जाम किया है l अमृतसर से दिल्ली रेलवे ट्रैक पर कुल 88 जगह पर किसान धरने पर बैठे हैं l सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक कृषि कानून के खिलाफ आज किसानों ने भारत बंद बुलाया है l

भारत बंद का दिल्ली पर होगा ये असर

दिल्ली की जिन सीमाओं पर किसानों का धरना प्रदर्शन जारी है वे सड़कें पहले से बंद हैं l इस दौरान वैकल्पिक रास्ते खोले गए थे l आज के भारत बंद के दौरान सुबह 6 से शाम 6 बजे तक इन वैकल्पिक रास्तों को भी बंद कर दिया गया हैl किसान संयुक्त मोर्चा के नेता बलबीर सिंह राजेवाल ने कहा कि रोड और रेल ट्रांसपोर्ट ब्लॉक किए जाएंगे l उन्होंने यह भी दावा किया है कि बाजार भी बंद रहेंगे l

राजस्थान में भारत बंद का मिला जुला असर

 राजस्थान में केन्द्र के नए कृषि कानूनों के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर आयोजित भारत बंद का मिला जुला असर नजर आ रहा है। बंद का असर श्रीगंगानगर एवं बीकानेर जिले में ज्यादा नजर आ रहा है और श्रीगंगानजर जिले के रायसिंहनगर कस्बे के बाजार बंद है। इसके अलावा किसानों ने कई मार्गो पर चक्का जाम कर रखा है। इनमें ट्रक यूनियन , 11 टीके फाटक, समेजा, बाजूवाला, मुकलावा में चक्का जाम चल रहा है। इस दौरा किसान नए कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग करते हुए केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पुलिस बल तैनात किया गया है। इसी तरह बीकानेर शहर में भी बंद का काफी असर देखने को मिल रहा है। किसान मोर्चा के लोग नारेबाजी कर रहे हैं और शहर में दुकानें बदं करा रहे हैं। मुख्य बाजार की अधिकतर दुकानें बंद हैं। बंद को लेकर प्रदर्शन कर रहे नेता रामगोपाल ने बताया कि बंद की अपील के तहत उसके समर्थन में 95 प्रतिशत दुकाने अपनी मर्जी से बंद हैं। उन्होंने कहा कि जब तक नए कृषि कानून वापस नहीं होंगे, उनका आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान इंटक नेता एवं भीम सेना के लोग भी प्रदर्शन में शामिल थे।

राजधानी जयपुर में बंद का मामूली असर दिख रहा हैं। जयपुर शहर में धीरे धीरे दुकानें खुल रही हैं और लगभग आम दिनों की तरह ही स्थिति नजर आ रही हैं। शहर में मोर्चा के लोग भी बंद का समर्थन एवं प्रदर्शन करते नजर नहीं आ रहे। शहर में अधिकतर बाजार सुबह दस बजे के बाद ही खुलते हैं। कोटा में शहर में भी बंद का असर बहुत कम नजर आ रहा है। हालांकि कई किसान नेताओं ने फल सब्जी मंडी पहुंचकर मंडी को बंद करा दिया हैं। मंडी के बाहर किसानों ने प्रदर्शन किया और किसान नेताओं ने अपना संबोधन भी दिया। बंद का कोटा में बस, रेल तथा अन्य आवागमन के साधन पर कोई असर नजर नहीं आ रहा है। प्रदेश के अन्य जगहों पर भी बंद का मिलाजुला असर नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ट्वीट को दोहराते हुए कहा कि भारत का इतिहास गवाह है कि सत्याग्रह से ही अत्याचार, अन्याय एवं अहंकार का अंत होता है। आंदोलन देश हित में हो और शांतिपूर्ण हो।

किसानों का भारत बंद, झारखंड में वाहनों का परिचालन प्रभावित

केंद्र सरकार के तीन नये कृषि कानून के खिलाफ किसानों के आज भारत बंद के मद्देनजर झारखंड में जहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं वहीं वाहनों का परिचालन प्रभावित रहा। भारत बंद के आह्वान के कारण आज राज्य भर में सड़कों पर वाहनों का परिचालन प्रभावित हुआ है, लेकिन राजधानी रांची में बंद का कोई खास असर नहीं देखा जा रहा है। वहीं, माओवादियों द्वारा भारत बंद को समर्थन दिये जाने के कारण नक्सल प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में इसका मिलाजुला असर देखा जा रहा है। माओवादियों के बंद में शामिल होने से झारखंड पुलिस द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। भारत बंद के आह्वान के कारण बिहार जाने वाली लंबी दूरी के वाहनों का परिचालन बंद है। हालांकि राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य प्रमुख सड़कों पर मालवाहक और निजी वाहनों का परिचालन सामान्य है।

भारत बंद के कारण रेल यातायात प्रभावित

केन्द्रीय नये कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा आयोजित भारत बंद के कारण कई रेलगाड़ियां प्रभावित हुई हैं। रेलवे के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार रेवाडी-हिसार, चरखीदादरी-मनहेरू, भिवानी-बामला रेलखण्ड के मध्य किसान आंदोलन के कारण रेल सेवाए प्रभावित हुई जिनमें शुक्रवार को हिसार से प्रस्थान करने वाली गाडी संख्या 04835, हिसार-रेवाडी रेलसेवा भिवानी स्टेशन तक संचालित होगी और यह भिवानी-रेवाडी स्टेशन के मध्य आंशिक रद्द रहेगी।

इसी तरह गाडी संख्या 04836, रेवाडी-हिसार स्पेशल रेलसेवा को रेवाडी के स्थान पर भिवानी से प्रस्थान करेगी और यह रेलसेवा रेवाडी-भिवानी स्टेशनों के मध्य आंशिक रद्द रहेगी। गाडी संख्या 04734, श्रीगंगानगर- रेवाडी रेलसेवा श्रीगंगानगर से प्रस्थान करेगी वह रेलसेवा हिसार स्टेशन तक संचालित होगी और हिसार-रेवाडी स्टेशन के मध्य आंशिक रद्द रहेगी। गाडी संख्या 04733, रेवाडी-श्रीगंगानगर स्पेशल रेलसेवा रेवाडी के स्थान पर हिसार से प्रस्थान करेगी और यह रेवाडी-हिसार स्टेशनों के मध्य आंशिक रद्द रहेगी।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।