भाजपा ने पंजाब विस चुनाव के लिए दूसरी सूची जारी की, मोगा से हरजोत कमल को उतारा मैदान में

bharatiya janata party

नई दिल्ली (सच कहूँ न्यूज)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 27 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष विजय सांपला को फगवाड़ा और राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा को रूपनगर से चुनाव मैदान में उतारा गया है। गुरुवार को यहाँ पार्टी महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने इन उम्मीदवारों के नामों पर सहमति दी है। इस सूची में पार्टी छोड़कर भाजपा में आने वाले कांग्रेस के दोनों विधायक को टिकट मिला है। बटाला से फतेहजंग बाजवा और मोगा से हरजोत कमल को मैदान में उतारा है।

पंजाब में भाजपा 65 सीटों पर चुनाव लड़ रही है

पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के खिलाफ भाजपा ने चमकौर साहिब से दर्शन सिंह शिवजोत को उम्मीदवार बनाया है। बता दें कि भाजपा 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा में 65 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि उसके दो सहयोगी पंजाब लोक कांग्रेस 37 और शिरोमणि अकाली दल संयुक्त 15 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। उल्लेखनीय है कि कृषि कानूनों पर मतभेद के बाद पंजाब में लंबे समय से भाजपा की सहयोगी रही शिरोमणि अकाली दल ने अलग राह चुन ली।

शिअद के राजग से अलग होने के बाद भाजपा पहली बार बड़े भाई की भूमिका में नए सहयोगी दलों के साथ चुनाव मैदान में है। कांग्रेस के एक फैसले के चलते कैप्टन अमरिंदर सिंह की पंजाब में मुख्यमंत्री पद से विदाई हो गयी लिहाजा उनके लिए भी यह चुनाव प्रतिष्ठा का प्रश्न है। दूसरी ओर पार्टी से मतभेद के चलते शिअद के वरिष्ठ नेता रहे ढींढसा अलग पार्टी बनाकर राजग से गठजोड़ करके अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। राज्य में 20 फरवरी को मतदाता होना है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।