भारत में कोरोना संक्रमण की मंद पड़ी रफ्तार

Coronavirus in India

कोरोना रिकवरी दर 97 फीसदी के करीब

नई दिल्ली (सच कहूँ न्यूज)। देश में कोरोना संक्रमण की मंद पड़ती रफ्तार के बीच इस महामारी को मात देने वालों की संख्या में लगातार वृद्धि से रिकवरी दर बढ़कर 97 प्रतिशत के करीब पहुंच गयी है वहीं सक्रिय मामलों में गिरावट का सिलसिला जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से रविवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में संक्रमण के 13,052 नये मामले सामने आये जिससे संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ सात लाख 46 हजार से अधिक हो गया है। इसी दौरान 13,965 मरीज स्वस्थ हुए जिसके साथ कोरोनामुक्त होने वालों की संख्या एक करोड़ चार लाख 23 हजार 125 हो गयी और रिकवरी दर 96.99 हो गयी है। वहीं सक्रिय मामले 1040 कम होकर 1.68 लाख रह गये हैं।

इसी अवधि में 127 मरीजों की मौत हो गयी और मृतकों का आंकड़ा एक लाख 54 हजार 274 हो गया। देश में सक्रिय मामलों की दर घटकर 1.57 फीसदी रह गयी है जबकि मृत्युदर अब भी 1.44 प्रतिशत है। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में सर्वाधिक 1053 सक्रिय मामले बढ़े हैं जिससे इनकी संख्या 45,437 हो गयी है। वहीं 1535 मरीज स्वस्थ हुए, जिसे मिलाकर कोरोना को मात देने वालों की तादाद 19.27 लाख हो गयी है जबकि 42 और मरीजों की मौत से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 51,042 हो गया है।

केरल में सक्रिय मामले घटे

केरल में इसी दौरान 768 सक्रिय मामले कम हुए हैं और सबसे अधिक 7032 मरीज स्वस्थ हुए हैं। राज्य में सक्रिय मामले अब 71,714 हो गये हैं, वहीं कोरोना को मात देने वालों का आंकड़ा बढ़कर 8.48 लाख हो गया है जबकि 18 और मरीजों की मौत से मृतकों की संख्या 3722 हो गयी है। सक्रिय मामलों में केरल अभी पहले स्थान पर है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सक्रिय मामले 115 कम हुए हैं और इनकी संख्या अब 1436 रह गयी है। वहीं आठ और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 10,849 हो गया है। दिल्ली में अब तक 6.22 लाख से अधिक मरीज कोरोनामुक्त हुए हैं।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें