क्रिकेटर युवराज सिंह गिरफ्तार, रिहा

Cricketer Yuvraj Singh sachkahoon

सच कहूँ/संदीप सिंहमार। हिसार। अनुसूचित जाति समाज पर अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में हांसी पुलिस ने क्रिकेटर युवराज सिंह को गिरफ्तार कर हिसार की राजपत्रित अधिकारी मैस में पूछताछ की। बाद में पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट के दिशा निर्देश अनुसार युवराज सिंह को जमानत पर रिहा कर दिया। इस पूरे मामले को इतना गुप्त रखा गया कि किसी भी मीडिया कर्मी को देर सांय तक भी भनक तक नहीं लगी। दूसरी तरफ शिकायतकर्ता एडवोकेट रजत कलसन ने पुलिस पर क्रिकेटर युवराज सिंह को वीआईपी ट्रीटमेंट देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी के दौरान युवराज सिंह के साथ सेल्फी तक खिंचवाई गई। इसके अतिरिक्त उन्हें पीने के लिए जूस व खाने के लिए सेनेक्स भी दिए गए।

अब आगे क्या?

अब क्रिकेटर युवराज सिंह के खिलाफ हांसी पुलिस अदालत में चालान पेश करेगी। जिसके बाद विशेष अदालत से नियमित जमानत भी हासिल करनी पड़ेगी। इसके अलावा हिसार की अनुसूचित जाति व जनजाति अत्याचार अधिनियम के तहत स्थापित विशेष अदालत में हर पेशी पर व्यक्तिगत तौर पर पेश होना पड़ेगा।

क्या है पूरा मामला

दरअसल, बीते साल जून माह में युवराज सिंह भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा के साथ लाइव वेब चैट कर रहे थे। तभी उन्होंने जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल किया था। इंस्टाग्राम पर लाइव चैट में युवराज और रोहित बात कर रहे थे। इस दौरान युवराज ने कुलदीप चहल पर जातिसूचक अपमानजनक टिप्पणी की थी। जिसके बाद काफी बवाल मचा था। युवराज सिंह द्वारा गेंदबाज युजवेंद्र चहल को जातिसूचक शब्द कह दिए जाने के बाद उन्हें नाराजगी का सामना करना पड़ा था। लोगों की नाराजगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर बकायदा युवराज सिंह माफी मांगो टॉप ट्रेंड में रहा। इसके बाद युवराज को माफी तक मांगनी पड़ी थी।

पुलिस कार्रवाई से नाराज किया कोर्ट का रुख

इसी बीच वकील कलसन द्वारा युवराज के खिलाफ हरियाणा के हांसी के पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत दायर कर मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की गई थी। एसपी की तरफ से आगे की कार्रवाई के लिए शिकायत को थाना शहर हांसी भेज दिया गया था, लेकिन पुलिस की ओर से लंबे समय तक कोई कार्रवाई न किए जाने के बाद वकील कलसन ने अदालत का रुख किया था। युवराज के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग अदालत से की गई थी। अदालत की सख्ती के बाद हरियाणा पुलिस ने आखिरकार युवराज के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।