स्वर कोकिला लता मंगेशकर का निधन अपूरणीय क्षति

Lata Mangeshkar sachkahoon

सीएम और मंत्रियों सहित प्रदेश भर में जताया शोक

चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने स्वरकोकिला भारत रत्न लता मंगेशकर(Lata Mangeshkar) के निधन पर गहरा शोक जताया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि स्वर सम्राज्ञी, विलक्षण गायिका, भारत रत्न लता मंगेशकर जी का निधन गीत संगीत की दुनिया और देश के लिए अपूरणीय क्षति है। हम जैसी कई पीढ़ियां उनके गाए हुए गीतों को गुनगुना कर बड़ी हुई हैं। बदलते समय और तकनीक के साथ भले ही संगीत के क्षेत्र में भी भारी बदलाव हुए हों, नए-नए गायक और गीत आए हों लेकिन लता दीदी की आवाज और उनके गाने आज भी कानों में रस घोलकर सीधे दिल में उतर जाते हैं।

जब तक भारतीय गीत संगीत लोगों का मनोरंजन करेगा, तब तक उनकी आवाज भी सुनी जाती रहेगी। देश की लगभग हर भाषा में गीत गाकर उन्होंने अपनी आवाज के माध्यम से देशवासियों को एकता के सूत्र में पिरोने का काम किया। वे एक सच्ची राष्ट्रवादी थीं। शारीरिक रूप से वे भले अब हमारे बीच नहीं होंगी लेकिन उनकी आवाज उन्हें हमेशा अमर रखेगी। मेरी परम पिता परमात्मा से विनती है कि उनकी आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और उनके परिजनों को यह असीम दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।

‘भारत रत्न स्वर कोकिला’ लता मंगेशकर जी का निधन संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका शरीर जरूर पंचतत्व में विलीन हो जाएगा परन्तु आने वाले युगों तक वह लोगों के दिलों पर राज करती रहेंगी, उनको मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि’।

अनिल विज, गृह मंत्री हरियाणा

‘लता दीदी ने दशकों तक देश की सेवा की और देश का गौरव बढ़ाया है। देश सदा उन्हें याद करेगा। भगवान से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें।’

बंडारू दत्तात्रेय, राज्यपाल हरियाणा

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।