हर चुनौती का सामना करने में सक्षम भारत के निर्माण का सपना: राजनाथ

Rajnath Singh

‘अमृत-महोत्सव’ देश के अलग-अलग हिस्सों में होगा आयोजित

नई दिल्ली (सच कहूँ न्यूज)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवारको कहा कि सरकार का ऐसे शक्तिशाली भारत के निर्माण का सपना है जो किसी पर हमला नहीं करना चाहता लेकिन वह हर तरह की चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देने में पूरी तरह सक्षम हो। सिंह ने शुक्रवार को ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ मनाने के लिए देशव्यापी कार्यक्रमों की वर्चुअल माध्यम से शुरूआत करने के लिए आयोजित कार्यक्रम में यह बात कही। यह महोत्सव आजादी के 75 वर्ष के उपलक्ष्य में देश भर मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इतिहास बनते देखना सौभाग्य की बात होती है।

इतिहास का हिस्सा बनना उससे भी बड़े सौभाग्य की बात होती है। पर यह परम सौभाग्य है, कि हम आजादी के ‘अमृत-महोत्सव’ रूपी इतिहास को न केवल बनते देख रहे हैं, बल्कि इसका हिस्सा भी बन रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘हम भारत को शक्तिशाली बनाना चाहते हैं। ऐसा भारत जो दूसरे पर हमला नहीं करना चाहता लेकिन हर चुनौती का मुँहतोड़ जवाब देने में पूरी तरह सक्षम है। आने वाले समय में हम एक और भी मजबूत भारत का निर्माण करेंगे।

तिरंगे फहराकर आजादी का जश्न मनाया जाएगा

रक्षा मंत्री ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में शुरू हो रहे इन कार्यक्रमों को देखकर लगता है कि केवल देशवासी ही नहीं बल्कि जल, थल, नभ, पहाड़, पठार और दर्रे भी देशवासियों के साथ ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ मना रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘आज जो ‘अमृत महोत्सव’ हम मना रहे हैं, उसकी भावना या मैं कहूं स्वतंत्रता, संप्रभुता और अमरत्व की भावना, भारत के लिए कोई नई या आधुनिक भावना नहीं है। मैं कैप्टन विक्रम बतरा का जिÞक्र करना चाहूँगा, जो मृत्यु को सामने देख कर भी कहता है, ‘यह दिल माँगे मोर’। यह कौन सी भावना है।

अपने राष्ट्र के लिए अपना सब कुछ न्यौछावर करने वाले इन अमर सपूतों को अपनी ओर से शीश झुकाकर नमन करता हूँ। इस मौके पर सेना के एक पर्वतारोही दल को अभियान पर रवाना किये जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पहले भारतीय वीरों, क्रांतिकारियों को पहाड़ों में जाकर शरण लेनी पड़ती थी, आज उन्हीं पहाड़ों पर पर्वतारोही अभियान चलाया जा रहा है। 75 वर्ष पहले स्वतंत्रता सेनानियों को द्वीपों पर सजा के लिए भेज दिया जाता था। आज उन्हीं द्वीपों पर सैकड़ों से अधिक तिरंगे फहराकर आजादी का जश्न मनाया जा रहा है।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।