दुती-अन्नू ने कटाया ‘टोक्यो टिकट’

Dutee-chand

दोनों भारतीय खिलाड़ियों ने विश्व रैंकिंग के आधार पर किया क्वालीफाई

  • महिलाओं की 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में हिस्सा लेंगी भारतीय धावक

लंदन (इंग्लैंड)। भारत की फर्राटा धावक दुती चंद ने इस साल जापान की राजधानी टोक्यो में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिए टिकट हासिल कर लिया है। दुती ने विश्व रैंकिंग के आधार पर ओलंपिक खेलों का टिकट कटाया है। दुती ने 100 मीटर और 200 मीटर दोनों स्पर्धाओं में टिकट हासिल किया है। 100 मीटर में 22 स्थान खाली थे तो वहीं 200 मीटर में 15 स्थान खाली थे। ऐसे में दुती ने दोनों स्पर्धाओं का टिकट हासिल कर लिया है। विश्व एथलेटिक्स ने टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने की आखिरी तारीख 29 जून तय की थी और फिर इसके बाद रैंकिंग के आधार अलिंपिक क्वालीफिकेशन तय किए।

दुती हालांकि कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में हिस्सा लेने के बाद भी क्वालीफाइंग मार्क हासिल नहीं कर पाई थी और इसलिए उन्हें रैंकिंग के आधार पर कोटा मिला है। उन्होंने हाल ही में इंटर-स्टेट मीट में 100 मीटर स्पर्धा में 11.17 सेंकेंड का समय निकाल राष्ट्रीय रिकॉर्ड में सुधार किया था और रेस जीती थी, लेकिन वह क्वालीफाइंग मार्क 11.15 सेकेंड को नहीं छू सकी थी। इससे पहले दुती इंडियन ग्रां प्री में भी क्वालीफाइंग मार्क को छू नहीं पाई थी।

हिमा नहीं कर पाई क्वालीफाई

भारतीय दिग्गज महिला धावक हिमा दास ओलंपिक के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई हैं। हिमा दास का टोक्यो ओलंपिक से बाहर रहना तय है। शनिवार को वह सौ मीटर की हीट में भाग लेते समय हैमस्ट्रिंग चोट का शिकार हो गई, इसके अलावा महिलाओं की चार गुणा सौ मीटर रिले टीम भी क्वालीफाई नहीं कर सकी जिसका वह हिस्सा है। हिमा ने 200 मीटर फाइनल के जरिए भी क्वालीफाई करने की कोशिश की लेकिन पांचवें स्थान पर ही।

 रिले टीम के मौके पूरी तरह से खत्म

भारत की चार गुणा 400 मीटर रिले की महिला टीम के टोक्यो ओलंपिक जाने के मौके पूरी तरह खत्म हो चुके हैं। महिला रिले टीम के क्वालीफाई करने की उम्मीद जताई जा रही थी लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। अर्चना सुसींद्रन, हिमा दास, एस धनलक्ष्मी और दुती चंद की महिलाओं की चार गुणा 400 मीटर रिले टीम को क्वालीफाई करने का दावेदार माना जा रहा था। उम्मीद की जा रही थी कि अगर टीम सीधे एंट्री नहीं पाती है तो वह ‘रोड टू टोक्यो’ रैंकिग की तर्ज पर टोक्यो ओलंपिक का टिकट कटा सकती है।

इंडियन ग्रां प्री में महिला रिले टीम राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने के बाद भी टीम ओलंपिक क्वालीफिकेशन मार्क को हासिल नहीं कर सकी थी। हिमा दास, दुती चंद, एस धनलक्ष्मी और अर्चना सुसींद्रन ने 43.37 सेकेंड के साथ भारत ‘बी’ (48.02 सेकेंड) टीम को पछाड़ते हुए दौड़ अपने नाम की। इसके बाद टीम को रोड टू टोक्यो की रैंकिंग का इंतजार था लेकिन यहां भी बहामास बाजी मार गया। उन्होंने भारतीय टीम से 0.02 सेकिंड कम समय निकालकर क्वालीफाई किया और भारतीय टीम खाली हाथ रह गई।

एथलेटिक्स मेें अब तक 19 भारतीय खिलाड़ियों को जगह

ओलंपिक के लिए एथलेटिक्स की अलग-अलग स्पर्धाओं के लिए भारत से 19 खिलाड़ियों ने अब तक क्वालीफाई किया है। पुरुषों की 400 मीटर हर्डल रेस के लिए जाबिर एम पल्लियाली ने क्वालीफाई किया। वहीं, 4 गुना 400 मीटर रिले के लिए मोहम्मद अनस याहया, नोआ निर्मल टोम, अमोज जैकब और अरोकिया राजीव ने जगह बनाई है। 20 किलोमीटर रेस वॉक में संदीप कुमार, राहुल रोहिला और इरफान थोडी को एंट्री मिली है। 3000 मीटर स्टीपल चेज में अविनाष साबले ने क्वॉलिफाई किया है।

महिलाओं में दुती चंद (100 मीटर और 200 मीटर) के लिए क्वालीफाई किया। प्रियंका गोस्वामी और भावना जाट को 20 किलोमीटर रेस वॉक में एंट्री मिली है। फील्ड इवेंट में पुरुषों में नीरज चोपड़ा, शिवपाल सिंह (दोनों जेवलिन थ्रो), मुरली श्रीशंकर (लॉन्ग जंप) और तेजिंदर पाल तूर (शॉट पुट) ने क्वालीफाई किया है। फील्ड इवेंट में महिलाओं में कमलप्रीत कौर, सीमा पूनिया (दोनों डिस्कस थ्रो) और अनु रानी (जेवलिन थ्रो) ने जगह बनाई है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter, Instagram, link din , YouTube  पर फॉलो करें।