उपराष्ट्रपति पद के लिए मतदान शनिवार को

Election, Vice President, Vote, Parliament, BJP

संसद भवन के प्रथम तल पर कमरा नम्बर 62 में डाले जाएंगे वोट

नई दिल्ली (एजेंसी)। देश के दूसरे सर्वोच्च संवैधानिक पद उपराष्ट्रपति के लिए शनिवार को मतदान होगा, जिसके लिए संसद भवन में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उपराष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार एम. वेंकैया नायडू का मुकाबला विपक्ष के उम्मीदवार गोपालकृष्ण गांधी से होगा। नायडू लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े रहे हैं और केन्द्र में मंत्री भी रहे हैं जबकि गांधी पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल हैं और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के पौत्र हैं।

10 अगस्त को खत्म होगा हामिद अंसारी का कार्यकाल

मतदान सुबह दस बजे शुरू होकर शाम पांच बजे तक होगा तथा मतगणना शाम 7 बजे शुरू होगी। परिणाम देर शाम तक घोषित किया जाएगा। मत डालने के लिए सदस्यों को एक विशेष पेन दिया जाता है और अगर किसी सदस्य ने किसी दूसरे पेन से मतदान किया तो उसे रद्द कर दिया जाता है। राष्ट्रपति चुनाव की तरह उप राष्ट्रपति चुनाव में गुप्त मतदान होने के कारण इसमें पार्टियों की ओर से अपने सदस्यों को व्हिप जारी नहीं किया जा सकता। नए उपराष्ट्रपति 11 अगस्त को कार्यभार ग्रहण करेंगे और वर्तमान उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी को, जो राज्यसभा के सभापति भी हैं, 10 अगस्त को सदन में सदस्यों द्वारा भावभीनी विदाई जाएगी।

इस चुनाव में संसद के दोनों सदनों के निर्वाचित तथा मनोनीत सदस्य मत डालते हैं और यह चुनाव आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के आधार पर गुप्त बैलेट से होता है। उपराष्ट्रपति के चुनाव में विधानसभाओं के सदस्य मत नहीं डालते जबकि राष्ट्रपति चुनाव में विधानपरिषद के सदस्य मतदाता होते हैं। उपराष्ट्रपति चुनाव में सदस्य नोटा यानी किसी को भी मत नहीं देने के विकल्प का भी इस्तेमाल कर सकेंगे। कुछ विपक्षी दलों ने इसे लेकर चुनाव आयोग से आपत्ति दर्ज कराई थी।

नायडू का पलड़ा भारी

  • लोकसभा : कुल 545
  • 338 राजग के, जिनमें से 282 भाजपा सेराज्यसभा : कुल 245
  • कांग्रेस : 59 सदस्य
  • भाजपा : 56 सदस्य
    (कुल मतों में से 50 प्रतिशत से अधिक मत हासिल करने वाले उम्मीदवार को विजयी घोषित किया जाता है।)

विपक्ष के लिए भी राहत

राष्ट्रपति चुनाव में राजग के पक्ष में वोट देने वाले बीजू जनता दल और जनता दल यू ने उप राष्ट्रपति के चुनाव में गांधी का समर्थन करने की बात कही है। जद यू भले ही बिहार में महागठबंधन से नाता तोड़कर राजग में शामिल हो गई है लेकिन उसने साफ कर दिया है कि वह गांधी को ही वोट देगी।

 

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।