देश में रिकॉर्ड 33 करोड़ टन बागवानी फसलों के उत्पादन का अनुमान

New Education Policy

नई दिल्ली (एजेंसी)। देश में वर्ष 2020-21 में बागवानी फसलों का उत्पादन रिकॉर्ड 33.15 करोड़ टन होने का अनुमान है। कृषि मंत्रालय ने शुक्रवार को विभिन्न बागवानी फसलों के क्षेत्र और उत्पादन का वर्ष 2020-21 का तीसरा अग्रिम अनुमान जारी कर दिया। केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि सरकार की किसान हितैषी नीतियों, किसानों की अथक मेहनत और वैज्ञानिकों के अनुसंधान के कारण वर्ष 2020-21 में बागवानी उत्पादन रिकॉर्ड 33.15 करोड़ टन होने का अनुमान है,जो 2019-20 की तुलना में एक करोड़ छह लाख टन (3.3 प्रतिशत) की वृद्धि है। तोमर ने बताया कि बागवानी फसलों के क्षेत्र और उत्पादन के तीसरे अग्रिम अनुमान के अनुसार वर्ष 2020-21 में फलों का उत्पादन 10.3 करोड़ टन होने का अनुमान है जबकि वर्ष 2019-20 में 10.21 करोड़ टन का उत्पादन हुआ था।

सब्जियों के उत्पादन में पिछले वर्ष के 18.83 करोड़ टन की तुलना में 19.72 करोड़ टन यानी 4.8 प्रतिशत की वृद्धि होने का अनुमान है। वर्ष 2019-20 में प्राप्त दो करोड़ 61 लाख टन की तुलना में प्याज का उत्पादन दो करोड़ 68 लाख टन होने की सूचना है। वर्ष 2020-21 में आलू का उत्पादन रिकॉर्ड 5.42 करोड़ टन होने का अनुमान है जो कि वर्ष 2019-20 की तुलना में 56 लाख टन अधिक है।

तोमर ने बताया कि टमाटर का उत्पादन वर्ष 2019-20 में प्राप्त 2.06 करोड़ टन की तुलना में 2.16 करोड़ टन होने की उम्मीद है। सुगंधित और औषधीय फसलों में वर्ष 2019-20 में सात लाख 30 हजार टन से वर्ष 2020-21 में सात लाख 80 हजार टन तक 6.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज किये जाने की उम्मीद है। वृक्षारोपण फसलों का उत्पादन वर्ष 2019-20 में 1.61 करोड़ टन से बढ़कर वर्ष 2020-21 में 1.66 करोड़ टन होने की आशा है। मसालों का उत्पादन वर्ष 2019-20 में एक करोड़ 01 लाख टन से 5.3 प्रतिशत बढ़कर वर्ष 2020-21 में 1.07 करोड़ टन होने का अनुमान है।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।