आंध्र में बाढ़ का कहर, 33 लोगों की मौत

Flood Havoc, Rajasthan, Maharashtra, Died, Animal, Mount Abu

रेल सेवाएं बुरी तरह प्रभावित, 100 ट्रेनें रद्द

  • मलबे में तब्दील हुए घर, पशु पानी में बहे

विशाखापट्टनम। आंध्र प्रदेश में भारी बारिश के चलते हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। बारिश जनित हादसों में 33 लोगों की मौत हो चुकी है और 12 लोग लापता बताए जा रहे हैं। इसके अलावा राज्य में रेल संपर्क भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। दक्षिण मध्य रेलवे के अनुसार नेल्लोर के पास पादुगुपाडु में रेल की पटरियों को हुए नुकसान के कारण 100 से अधिक एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द कर दिया गया और 29 ट्रेनों के मार्गों में बदलाव करना पड़ा। सूत्रों ने बताया कि लगातार बारिश के चलते राज्य में नदियों, जल परियोजनाओं में जलस्तर बढ़ गया है। वहीं, चित्तूर, कड़प्पा, अनंतपुर और नेल्लूर में बाढ़ की स्थिति बन गई है। पेन्ना नदी में बाढ़ आने की वजह से सैकड़ों वाहन और यात्री फंस गए। इसके साथ ही मुख्य राजमार्गों पर यातायात बंद कर दिया है।

सरकारी सूत्रों के मुताबिक बारिश के चलते बाढ़ में कड़प्पा में 20, अनंतपुर में 7, चित्तूर में 4 और एसपीएस नेल्लोर में 2 की मौत हो गई। इसके साथ ही कड़प्पा जिले में 12 लोग गुमशुदा बताए जा रहे हैं। जिले में सैकड़ों एकड़ में फसलें बर्बाद हो गई और मवेशी पानी में बह गए और गांवों में कई घर मलबा बन गए। आंध्र प्रदेश का तिरुपति शहर बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुआ। अब यहां राज्य के सबसे बड़े जलाशयों में दरार की खबरों से लोगों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गई हैं। एनडीआरएफ की 10वीं बटालियन ने राजमपेट और तिरुपति में दो-दो टीमें तैनात की हैं। वहीं, नेल्लोर जिले में तीन दल मौजूद हैं। कड़प्पा एयरपोर्ट को 25 नवंबर तक बंद रखने का फैसला लिया गया।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।