विधानसभा बजट सत्र। राज्य के सभी अस्पतालों में सरकार जल्द करेगी 400 से 500 डॉक्टरों की भर्ती

Anil Vij on

हरियाणा में विशेषज्ञ चिकित्सकों का अलग बनेगा कॉडर

  • राज्य में चिकित्सकों के 4800 पद स्वीकृत, वर्तमान में 1141 हैं रिक्त

चंडीगढ़ (सच कहूँ ब्यूरो)। हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा है कि प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी पूरी करने के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों का अलग कॉडर बनाया जाएगा। विज ने मंगलवार को हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान एक प्रश्न पर यह जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार शीघ्र ही 400 से 500 चिकित्सकों की भर्ती करेगी। जिससे राज्य के सभी अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी पूरी होगी। उन्होंने कहा कि राज्य में चिकित्सकों के लगभग 4800 स्वीकृत पद हैं जिनमें से वर्तमान में 1141 रिक्त हैं। इनमें से करीब 200 चिकित्सक चंडीगढ़ में कार्यरत हैं। उन्होंने विभाग को चंडीगढ़ में कार्यरत चिकित्सकों के पद अलग से स्वीकृत कराने के आदेश दिये हैं ताकि चंडीगढ़ में 40:60 के अनुपात में भेजे जाने वाले चिकित्सकों की कमी दूर की जा सके।

प्रदेश का लिंगानुपात सुधरा, 868 से 918 पहुंचा

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य में वर्ष 2014 की तुलना में मातृत्व मृत्यु दर (एमएमआर) 127 से घटकर अब 91, एनएमआर 26 से घटकर 22, आईएमआर 41 से घटकर 30 हो गया है। इसके अलावा, प्रदेश में लिंगानुपात में भी सुधार हुआ है जो 868 से बढ़कर 918 तक पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हसनपुर, होडल के भवन के नवीनीकरण का प्रस्ताव प्रक्रियाधीन है। वहीं फतेहाबाद शहर में 200 बिस्तरों के अस्पताल के निर्माण के लिए 14.75 एकड़ भूमि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने उपलब्ध कराई है।

नगर निगम बनाने के लिये न्यूनतम तीन लाख की आबादी होना आवश्यक

एक अन्य सवाल पर विज, जिनके पास शहरी स्थानीय निकाय विभाग भी है, ने कहा कि प्रदेश में किसी भी क्षेत्र में नगर निगम बनाने के लिए न्यूनतम तीन लाख की आबादी का होना आवश्यक है। नगरपालिका अधिनियम के तहत इससे कम आबादी वाले क्षेत्र को नगर निगम का दर्जा नहीं दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2011 की जनगणना अनुसार नगर परिषद्, रेवाड़ी की जनसंख्या 1.43 लाख थी जो वर्ष 2018 में 1.86 लाख हो गई थी। इसलिए वर्तमान परिस्थितियों के आधार पर नगर परिषद, रेवाड़ी को नगर निगम का दर्जा नहीं दिया जा सकता।

कंवरपाल ने किसानों पर लाठीचार्ज के आरोप का किया खंडन

शिक्षा एवं पर्यटन मंत्री कंवरपाल ने कांग्रेस सदस्य किरण चौधरी के किसानों पर लाठीचार्ज किये जाने सम्बंधी सवाल पर कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मती चौधरी के इस सम्बंध में आरोप बेबुनियाद हैं। उन्होंने कांग्रेस सदस्य से ही सवाल किया कि वह बताए कि लाठीचार्ज कहां पर हुआ? और अगर हुआ होगा तो किसी को चोट भी आई होगी ,आप उसका चिकित्सा प्रमाण पत्र प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि लाठीचार्ज का इतिहास कांग्रेस का रहा है।

हरियाणा में चलेंगी पर्याप्त संख्या में बसें: शर्मा

परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने एक सवाल के जबाव में सदन को बताया कि प्रदेश में जरूरत के हिसाब से पर्याप्त संख्या में बसें चलाई जाएंगी और लोगों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पृथला विधानसभा क्षेत्र में पलवल से अमरपुर, मोहना, छायंसा, अटेली-बल्लभगढ़, बल्लभगढ़-समयपुर करनेरा, सिकरोना, भानकपुर, नोहला तथा सेहराला, पृथला से पलवल मार्गों पर बस सेवा पहले से ही चलाई जा रही हैं। वर्तमान में परिवहन समिति की 18 और राज्य परिवहन की 19 बसों का पृथला विधानसभा हलके के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में संचालन किया जा रहा है। इनमें फरीदाबाद डिपो की 17 और पलवल डिपो की दो बसें शामिल हैं।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।