नागरिक प्रशासन की युद्ध स्तर पर मदद करें रक्षा प्रतिष्ठान : राजनाथ

Rajnath
New Delhi: इटली और फ्रांस की चार दिन की यात्रा पर जाएंगे राजनाथ

नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षा प्रतिष्ठानों से नागरिक प्रशासन और राज्य सरकारों को ऑक्सीजन सिलेंडर और अतिरिक्त बेड उपलब्ध कराने के लिए युद्धस्तर पर काम करने को कहा है। सिंह ने देश भर में कोविड-19 मामलों में हाल ही में हुई बढ़ोतरी से निपटने के लिए मंगलवार को यहां रक्षा मंत्रालय और सशस्त्र बलों की तैयारियों की समीक्षा के लिए एक वर्चुअल बैठक की। रक्षा मंत्री को बताया गया कि सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा, डीआरडीओ, रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (डीपीएसयू), ओएफबी और रक्षा मंत्रालय के अन्य संगठनों जैसे राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) द्वारा कोविड 19 महामारी के इस मुश्किल दौर में कैसे लोगों की मदद की जा रही है।

उन्होंने डीपीएसयू, ओएफबी और डीआरडीओ से आग्रह किया कि वे जल्द से जल्द नागरिक प्रशासन तथा राज्य सरकारों को ऑक्सीजन सिलेंडर और अतिरिक्त बेड उपलब्ध कराने के लिए युद्धस्तर पर काम करें। उन्होंने सशस्त्र बलों को राज्य सरकारों के साथ निकट संपर्क में रहने और किसी भी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। रक्षा मंत्री ने इन संस्थाओं को जरूरी सामान की खरीद की आपातकालीन शक्तियां भी सौंपी ताकि महत्वपूर्ण जरूरतों की खरीद की जा सके।

उद्योग से बाजार में जल्द ही उत्पाद उपलब्ध होगा

सिंह को यह भी बताया गया कि एलसीए तेजस के लिए विकसित ऑन -बोर्ड ऑक्सीजन जेनरेशन तकनीक पर आधारित एक 1000 लीटर प्रति मिनट की क्षमता वाली ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट तकनीक उद्योग को दी गई है और उत्तर प्रदेश सरकार ने इस तरह के पांच प्लांट्स का ऑर्डर इंडस्ट्री को दिया है। रक्षा मंत्री को सूचित किया गया कि अस्पताल की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए उद्योग द्वारा अधिक प्लांट्स की आपूर्ति की जा सकती है। अत्यधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तैनात सैनिकों के लिए विकसित ‘ब्लड ऑक्सीजन सेचुरेशन’ आधारित पूरक ऑक्सीजन वितरण प्रणाली का उपयोग कोवि़ड-19 रोगियों के लिए किया जा सकता है क्योंकि उनकी स्थिति भी समान हो जाती है। डीआरडीओ द्वारा प्रदत्त तकनीक के अनुसार उद्योग से बाजार में जल्द ही उत्पाद उपलब्ध हो जाएगा।

हर समय मास्क पहनने पर दिया बल

रक्षा मंत्री ने यह भी सुझाव दिया कि वर्तमान स्थिति से निपटने के लिए उन सेवानिवृत कर्मियों की सेवाएं ली जा सकती हैं जिन्हें टीका लग चुका है। ये सेवानिवृत्त कर्मी सिविल प्रशासन तथा राज्य सरकारों की सहायता कर सकते हैं। बैठक सशस्त्र बलों के जवानों और रक्षा मंत्रालय में कार्यरत अधिकारियों तथा कर्मचारियों में कोविड-19 के प्रसार के तरीकों पर भी चर्चा की गयी। कार्य स्थल पर कोविड के उचित व्यवहार के पालन पर जोर देते हुए रक्षा मंत्री ने हर समय मास्क पहनने और शारीरिक दूरी कायम रखने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

बैठक में रक्षा सचिव डॉ. अजय कुमार, चीफ ऑफ़ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत, नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह, थल सेनाध्यक्ष जनरल एमएम नरवणे, महानिदेशक सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा (एएफएमएस) डीआरडीओ अध्यक्ष और सैन्य अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।