छेत्री के डबल से भारत ने जीता खिताब

India, Kenya, Chetri, Football, Sports

मुंबई (एजेंसी)।

कप्तान और स्टार स्ट्राइकर सुनील छेत्री के डबल से भारत ने केन्या को 2-0 से हराकर चार देशों का हीरो इंटरकांटिनेंटल कप फुटबॉल खिताब जीत लिया। सुनील छेत्री ने आठवें और 29वें मिनट में गोल कर भारत की जीत सुनिश्चित कर दी। भारत ने केन्या को लीग चरण में भी 3-0 से हराया था और अब फाइनल में उसे दो गोल से शिकस्त दे दी।

भारत ने लीग चरण में केन्या को हराने के अलावा चीनी ताइपे को 5-0 से शिकस्त दी थी लेकिन उसे न्यूजीलैंड से 1-2 से हार झेलनी पड़ी थी। छेत्री ने ताइपे के खिलाफ तीन गोल, केन्या के खिलाफ दो गोल, न्यूजीलैंड के खिलाफ एक गोल और फाइनल में दो गोल किए। छेत्री इसके साथ ही अर्जेंटीना के करिश्माई स्ट्राइकर लियोनल मैसी के 64 अंतर्राष्ट्रीय गोलों की बराबरी पर पहुंच गए। मौजूदा अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों में अब सिर्फ पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो 81 गोलों के साथ छेत्री और मैसी से आगे हैं। छेत्री ने टूर्नामेंट में कुल आठ गोल दागे और अकेले अपने दम पर भारत को खिताबी जीत दिलाई।

मुंबई फुटबॉल एरेना में छेत्री के करिश्मे ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। भारत ने पिछले मुकाबले में न्यूजीलैंड से मिली हार को पीछे छोड़ते हुए फाइनल में बेहतरीन प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष प्रफुल पटेल ने विजेता टीम को ट्रॉफी और 50 हजार डॉलर का चेक सौंपा जबकि केन्या को 25 हजार डॉलर मिले। छेत्री को प्लेयर आॅफ द् टूर्नामेंट का पुरस्कार मिला और उन्हें 7500 डॉलर दिए गए।

 

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।