हाय रे ये महंगाई: डीजल फिर हुआ 25 पैसे महंगा, पेट्रोल 20 पैसे चढ़ा

Petrol Diesel Price

नई दिल्ली (सच कहूँ न्यूज)। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के तीन महीने के उच्चतम स्तर पर चढ़ने का असर घरेलू बाजार पर दिखा है जहां डीजल लगातार तीसरे दिन 25 पैसे प्रति लीटर और पेट्रोल 22 दिनों के बाद 20 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है। डीजल की कीमत पिछले पांच दिनों में से चार दिन में 95 पैसे प्रति लीटर चढ़ गया है। इस बढोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में डीजल 89.57 रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल 101.39 रुपये प्रति लीटर हो गया है। डीजल की कीमत में शुक्रवार को 20 पैसे प्रति लीटर , रविवार को 25 पैसे, सोमवार को 25 पैसे और फिर मंगलवार को भी 25 पैसे प्रति लीटर की बढोतरी की गयी है। इस तरह से पांच दिन में से चार दिन में 95 पैसे की बढोतरी हो चुकी है। गत पांच सितंबर को पेट्रोल की कीमतों में 15 पैसे प्रति लीटर की कमी की गयी थी और उसके बाद यह 101.19 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर था लेकिन आज इसमें भी 20 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है।

तेल विपणन कंपनी इंडियन आॅयल कॉपोर्रेशन के अनुसार, दिल्ली में पेट्रोल 101.39 रुपये प्रति लीटर और डीजल 89.57 रुपये प्रति लीटर पर रहा। अमेरिका के तेल भंडार के तीन वर्ष के निचले स्तर पर आने तथा प्राकृतिक गैस के उत्पादन में कमी के कारण बीते सप्ताह से ही पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों मेंं तेजी बनी हुयी है। कल कारोबार के दौरान यह तीन महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। सोमवार को ब्रेट क्रुड 79 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को पार कर 79.53 डॉलर प्रति बैरल पर और अमेरिकी क्रूड बढ़कर 75.43 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। पेट्रोल-डीजल के मूल्यों की रोजाना समीक्षा होती है और उसके आधार पर हर दिन सुबह छह बजे से नयी कीमतें लागू की जाती हैं।

देश के चार बड़े महानगरों में आज पेट्रोल और डीजल के दाम इस प्रकार रहे:-

     शहर                          पेट्रोल                             डीजल 
  • दिल्ली                      101.39                          89.57
  • मुंबई                       107.47                          97.21
  • चेन्नई                         99.15                          94.17
  • कोलकाता                  101.87                          92.67

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।