सामाजिक एवं भाषाई पहचान है मातृभाषा

International Mother Language Day

आज पूरी दुनिया 20 वां अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस मना रही है। यूनेस्को ने नवंबर 1999 में घोषित किया था कि प्रत्येक 21 फरवरी को अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस मनाया जाएगा। असल में अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस ढाका विश्वविद्यालय के उन छात्रों को समर्पित है जो बांग्ला भाषाओं को मान्यता देने की लड़ाई में मार दिए गए थे। एक सर्वे रिपोर्ट के अनुसार भारत में इस समय 1370 मातृभाषाएं हैं, जिनका क्षेत्रीय आधार अलग-अलग है। जिस भाषा को व्यक्ति जन्म लेने के बाद पहली बार बोलता या सीखता है वही उसकी मातृभाषा कहलाती है। मातृभाषा, किसी भी व्यक्ति की सामाजिक एवं भाषाई पहचान होती है। इस दिवस को मनाने का उद्देश्य है कि विश्व में भाषाई एवँ सांस्कृतिक विविधता और बहुभाषिता को बढ़ावा मिले। हमारे देश में हर दश मील पर भाषा बदल जाती है। इससे साफ जाहिर होता है भारत में अनगिनत भाषा या बोलियां बोली जाती हंै।

अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस प्रत्येक भाषा की गरिमा को स्वीकार करने के लिए मनाया जाता है। यह दिवस हमको इस बात का ध्यान दिलाता है कि भाषा अभिव्यक्ति का साधन मात्र नहीं है यह सांस्कृतिक सेतु भी बनाती है। यह सही है की भाषाओं की दृष्टि से भारत एक समृद्ध देश है। उत्तर भारत के राज्यों को छोड़कर देश में जितने भी राज्य है वहां की मातृ भाषा हिंदी नहीं है हालाँकि हिंदी को हमने राष्ट्र भाषा के रूप में स्वीकारा है। बंगाल में बंगला, असम में असमी, कर्णाटक में कन्नड़, तमिलनाडु में तमिल , केरल में मलयालम आंध्र में तेलगु और उड़ीसा में उड़िया का बोलबाला है। कुछ अन्य राज्यों की भाषा भी वहां की स्थानीय भाषा है और वहां हिंदी नहीं बोली जाती। कहने का तात्पर्य है देश में कहीं भी एक मातृ भाषा नहीं है। इसके बावजूद राष्ट्रभाषा के रूप में हमने हिंदी को स्वीकारा है। हिंदी हमारी पहचान बन चुकी है। आजादी से पूर्व अंग्रेजी भाषा हम पर थोपी गई। आजादी के बाद भी हमने विदेशी भाषा का परित्याग नहीं किया जिसके कारण देश के अहिन्दी भाषी राज्यों में अंग्रेजी ने अपना प्रभुत्व कायम कर लिया।

आजादी के बाद यदि हमने अपनी निज भाषा के विकास पर ध्यान दिया होता तो आज हिंदी सम्पूर्ण देश में सर्वत्र मातृ भाषा के रूप में अपना स्थान बना लेती। हमारी गुलाम मानसिकता का ही यह परिणाम था की हिंदी मातृ भाषा का अपना दर्जा हासिल नहीं कर पाई। क्षेत्रीय भाषाओं से हमारा कतई विरोध नहीं है .यदि देश के नागरिक अपनी स्थानीय भाषा को मातृ भाषा के रूप में स्वीकारते है तो यह उनका जन्मसिद्ध अधिकार है। हमारा विरोध तो विदेशी भाषा से है जिसने हिंदी को आगे नहीं बढ़ने दिया। आज आवश्यकता इस बात की है कि हम विश्व मातृ भाषा दिवस जरूर मनाएं लेकिन हिंदी को उसका हक अवश्य दिलाये। दक्षिण के प्रदेश अपनी निज बोली या भाषा को अपनाएं इसमें किसी को आपत्ति नहीं है मगर राष्ट्रभाषा के स्थान पर अंग्रेजी को अपनाये यह हमें किसी भी हालत में स्वीकार नहीं है। वे तमिल ,कन्नड या बंगला को अपनाएं हमें खुशी होगी मगर हिंदी के स्थान पर अंग्रेजी थोपें तो यह बर्दाश्त नहीं होगा। सातवें दशक के आरंभ में तमिलनाडु में ‘हिंदी हटाओ’ का आंदोलन चल पड़ा जिसकी प्रतिक्रिया में हिंदी भाषी उत्तर भारत में भी ‘अंग्रेजी हटाओ’ का आंदोलन चला।

स्वतंत्र भारत में साठ के दशक में अंग्रेजी हटाओ-हिन्दी लाओ के आंदोलन का सूत्रपात राममनोहर लोहिया ने किया था। समाजवादी पुरोधा डॉ॰ राममनोहर लोहिया के भाषा संबंधी चिंतन और आंदोलन का लक्ष्य भारतीय सार्वजनिक जीवन से अंगरेजी के वर्चस्व को हटाना था। लोहिया को अंग्रेजी भाषा से कोई आपत्ति नहीं थी। अंग्रेजी के साहित्य के भी वह विरोधी नहीं थे, बल्कि विचार और शोध की भाषा के रूप में वह अंग्रेजी का सम्मान करते थे। लोहिया जब अंग्रेजी हटाने की बात करते हैं, तो उसका मतलब हिंदी लाना नहीं है। बल्कि अंग्रेजी हटाने के नारे के पीछे लोहिया की एक खास समझदारी है।

लोहिया भारतीय जनता पर थोपी गई अंग्रेजी के स्थान पर भारतीय भाषाओं को प्रतिष्ठा दिलाने के पक्षधर थे। 19 सितंबर 1962 को हैदराबाद में लोहिया ने कहा था अंग्रेजी हटाओ का मतलब हिंदी लाओ नहीं होता। अंग्रेजी हटाओ का मतलब होता है, तमिल या बांग्ला और इसी तरह अपनी-अपनी भाषाओं की प्रतिष्ठा। लोहिया ने हमेशा भारत की आधिकारिक भाषा के रूप में अंग्रेजी से अधिक हिंदी को प्राथमिकता दी। उनका विश्वास था कि अंग्रेजी शिक्षित और अशिक्षित जनता के बीच दूरी पैदा करती है। वे कहते थे कि हिन्दी के उपयोग से एकता की भावना और नए राष्ट्र के निर्माण से सम्बन्धित विचारों को बढ़ावा मिलेगा।

आज आवश्यकता इस बात की है की हम देश की मातृ और जन भाषा के रूप में हिंदी को अंगीकार करे। अपनी अपनी निज भाषा के साथ हिंदी को स्वीकार कर देश को प्रगति पथ और एक सूत्र में पिरोने के लिए अपने स्वार्थ त्यागे और देश के प्रति अपनी अगाध श्रद्धा का परिचय दें। अंतरराष्ट्रीय मातृ भाषा दिवस की सार्थकता इसी में है कि हम अपनी क्षेत्रीय भाषाओँ की अस्मिता को स्वीकार करने के साथ हिंदी को व्यापक स्वरुप प्रदान कर देश को एक नई पहचान दें। यह देश की सबसे बड़ी सेवा होगी।

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।