डीएमके प्रमुख स्टालिन ने ली तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ

MK Stalin

कैबिनेट में दो महिलाओं सहित 33 मंत्री शामिल

चेन्नई (एजेंसी)। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में डीएमके को मिली भारी जीत के बाद पार्टी अध्यक्ष मुथुवेल करुणानिधि स्टालिन ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने 68 वर्षीय स्टालिन को राजभवन में आयोजित साधारण समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके साथ ही 33 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। स्टालिन ने अपने मंत्रीमंडल में कुछ वरिष्ठ नेताओं, जो पूर्व मंत्री हैं, के अलावा पी.के. शेखर बाबू, एसएम नसर, पूर्व चेन्नई मेयर एम. सुब्रमणियम, डीएमके के पूर्व सचेतक आर. सक्करपानी, पी. मूर्ति, आर. गांधी, एसएस शिवशंकर, पलनीवेल त्यागराजन, अनबिल महेश मोयेमोझी, शिवा वी. मेय्यानाथन, सीवी गणेशन और टी. मानो तंगराजन को भी शामिल किया है। इसके अलावा काउंसिल में पूर्व मंत्री गीता जीवन और नया चेहरा एन. कयालवीझि सेल्वराज समेत दो महिलाएं भी शामिल हैं।

स्टालिन पहली बार मुख्यमंत्री बने हैं। मुख्यमंत्री के रूप में स्टालिन के पास सार्वजनिक सामान्य प्रशासन, आर्ईएएस, आईपीएस, अन्य अखिल भारतीय सेवा, जिला राजस्व अधिकारी, पुलिस, गृह, विशेष प्रोत्साहन, विशेष कार्यक्रम कार्यान्वयन और अलग अलग विकलांगो के कल्याण के विभाग होंगे। पूर्व मंत्री और डीएमके महासचिव दुरैमुरुगन कैबिनेट के कमान में दूसरे नंबर पर होंगे और उन्हें जल संसाधन विभाग आवंटित किया गया है। कोरोना महामारी के बीच राज्य का स्वास्थ्य पोर्टफोलियो पूर्व मेयर एम. सुब्रमणियम, जिन्होंने सैदापेट विस सीट से चुनाव जीता था, को दिया गया है।

इस दौरान कांग्रेस नेता पी. चिदम्बरम, एमडीएमके प्रमुख वाइको, केएस अलगिरी, लोकसभा सांसद दयानिधि मारन, कनिमोझी, डीएमके विधायक और परिवार के सदस्य, पूर्व सीएम ओ. पन्नीरसेल्वम, पीएमके नेता जीके मणी, अभिनेता कमल हासन, पीएसी संस्थापक प्रशांत किशोर, हाईकोर्ट के न्यायाधीश और राज्य के उच्च अधिकारियों ने हिस्सा लिया। शपथ ग्रहण समारोह कोविड-19 नियमों का पालन करते हुए आयोजित किया गया था और सभी ने मास्क लगाया हुआ था। गौरतलब है कि 234 सदस्यीय विधानसभा में डीएमके ने अकेले 133 सीटें जीती हैं. पहली बार विधायक बने स्टालिन के बेटे उधयनिधि का नाम मंत्रियों की सूची में नहीं है।

मंत्रियों के विभाग

एम के स्टालिन : मुख्यमंत्री : सार्वजनिक सामान्य प्रशासन, आर्ईएएस, आईपीएस, अन्य अखिल भारतीय सेवा, जिला राजस्व अधिकारी, पुलिस, गृह, विशेष प्रोत्साहन, विशेष कार्यक्रम कार्यान्वयन और अलग अलग विकलांगो के कल्याण के विभाग होंगे।

  • दुरईमुरुगन : जल संसाधन
  • केएन नेहरू : नगरपालिक प्रशासन
  • आई पेरियास्वामी : सहकारिता
  • के पोनमुड़ी : उच्च शिक्षा
  • ईवी वेलू : जनकार्य
  • एमआरके पनीरसेल्वम : कृषि एवं किसान कल्याण
  • केकेएसएसआर रामचंद्रन : राजस्व एवं आपदा प्रबंधन
  • थंगम थेन्नारासु : उद्योग
  • एस रघुपति : विधि
  • एस मुथुस्वामी : आवास एवं शहरी विकास
  • टीएम अनबरासन : ग्रामीण उद्योग
  • एमपी सामीनाथन : सूचना एवं प्रचार
  • सुश्री गीता जीवन : समाज कल्याण एवं महिला सशक्तिकरण
  • अनिता आर राधाकृष्णन : पशुपालन
  • एसआर राजकन्नपन : परिवहन
  • के रामचंद्रन : वन
  • आर सक्करापाणी : खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति
  • वी सेन्थिल बालाजी : विद्युत एवं आबकारी
  • आर. गांधी : हाकरघा
  • एमए सुब्रमणियम : स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण
  • एसएस शिवशंकर : पिछड़ा वर्ग कल्याण
  • पीके शेखरबाबू : एचआर एवं सीई
  • पलानीवेल थंगराजन : वित्त एवं मानव संसाधन प्रबंधन
  • एस एम नासर : दुग्ध एवं डेयरी विकास
  • जीकेएस मस्तान : अल्पसंख्यक कल्याण एवं अप्रवासी तमिल कल्याण
  • अनबिल महेश पोय्यामोझि : स्कूल शिक्षा
  • शिवा वी मेय्यानाथन : पर्यावरण , जलवायु परिवर्तन और युवा कल्याण एवं खेल विकास
  • सीवी गणेशन : श्रम कल्याण एवं कौशल विकास
  • टी एम थंगराज : सूचना प्रौद्योगिकी
  • एम माथिवेंथन : पर्यटन
  • सुश्री एन कयालविझि सेल्वाराज : आदि द्रविदाड़ कल्याण

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।