‘997 करोड़ से कैथल में बनेगा मेडिकल’

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया अमृत काल संकल्प रैली को संबोधित

  • प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री ने बदल दी राजनीति संस्कृति: जेपी नड्डा

  • रैली में मुख्यमंत्री हरियाणा मनोहर लाल ने की शिरकत

कैथल। (सच कहूँ/वर्मा) भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने देश व प्रदेश में राजनीतिक संस्कृति को बदलने का कार्य किया है। विकास के दृष्टिगत समूचे देश व प्रदेश में पारदर्शी प्रणाली से व्यवस्था में बदलाव किया गया है। अब संबंधित व्यक्ति को योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। बिचौलिया राज को खत्म किया गया है। वर्तमान परिवेश में भारत देश लेने वाला नहीं, बल्कि दुनिया को कुछ न कुछ देने वाला राष्ट्रीय बन गया है। स्वास्थ्य सेवाओं में बढ़ोतरी के लिए कैथल में 997 करोड़ रुपये से मेडिकल कॉलेज का निर्माण होगा। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार को कैथल की नई अनाज मंडी में आयोजित अमृत काल संकल्प रैली में संबोधित कर रहे थे। इस रैली में मुख्यमंत्री हरियाणा मनोहर लाल ने भी विशेष रूप से शिरकत की।

कांग्रेस को पुराने नेता बाय-बाय कर रहे

नड्डा ने कहा, प्रधानमंत्री ने लाल किले से शौचालय की बात की थी तो कांग्रेस ने खिल्ली उड़ाई थी। कहा था कि लालकिले से प्रधानमंत्री शौचालय बनाने की बात करते हैं। महिला सम्मान जुड़ा है इन चीजों से। हरियाणा आज 100 प्रतिशत ओडीएफ हो गया है। मनोहर लाल को इसके लिए बधाई। कांग्रेस ने वैचारिक पार्टी रह गई न कि राष्ट्रीय पार्टी। कांग्रेस पर तंज कसा कि आप भारत जोड़ो बोल रहे हैं, अरे पहले पार्टी को जोड़ो। दशकों पार्टी के लिए खून पसीना बहाने वाले बाय बाय करके जा रहे हैं। बस भाई बहन की पार्टी रह गयी है।

देश व प्रदेश में करोड़ों का हो रहा विदेशी निर्यात

जेपी नड्डा ने कहा कि सरकार ने देश व प्रदेश की धरा से जातिवाद, क्षेत्रवाद, भाई-भतीजावाद को समाप्त करके प्रत्येक वर्ग के कल्याणार्थ अनेकों योजनाओं को अमलीजामा पहनाने का काम किया है। आज के समय में देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा हरियाणा प्रदेश मुख्यमंत्री मनोहर लाल के सुरक्षित हाथों में है। उन्होंने कहा कि आज भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया को नई दिशा दे रहा है। प्रतिदिन 37 किलोमीटर हाईवे,9.5 किलोमीटर रेलवे ट्रैक बिछाए जा रहे हैं, जल्द ही 220 नए एयरपोर्ट बनाए जाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। आज देश व प्रदेश में करोड़ों रुपये का विदेशी निर्यात हो रहा है।

समाज को परिवार मानकर यूं ही करते रहेंगे सेवा: मनोहर लाल

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जनता का अभिनंदन करते हुए कहा कि यह बेहद सुखद अनुभव है कि महज तीन दिन की सूचना पर इतनी बड़ी रैली आयोजित की गई और इतनी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। उन्होंने सभी को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आशीर्वाद प्राप्त है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में जब सरकार बनी तो उन्होंने सोच लिया था कि हरियाणा के लोगों को जात-पात में नहीं बंटने देंगे। तभी उन्होंने हरियाणा एक- हरियाणवी एक का नारा आगे बढ़ाया। हमें खुशी है कि हमने 8 साल में प्रदेश को जातिगत घुण को स्पर्श नहीं होने दिया।

हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने की दिशा में आगे बढ़ रही सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा की थी। सरकार इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है। लगभग जिलों में या तो मेडिकल कॉलेज खोले जा चुके हैं, या उनमें मेडिकल कॉलेज खोलने की दिशा में काम चल रहा है। कैथल जिले में भी मेडिकल कॉलेज की नींव रख दी है। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत हर गरीब परिवार की बीमारी पर आने वाले खर्च की 5 लाख तक की जिम्मेदारी केंद्र सरकार ने ली है।

हरियाणा में विकास की नई इबारत

हरियाणा में विकास की नई इबारत लिखी गई है। कैथल में मेडिकल कालेज बनने से गांव में बड़े अस्पताल खुल सकेंगे। स्पोर्ट्स के सेंटर बन रहे हैं 36000 करोड़ विदेशी निवेश हरियाणा में हो रहा है। जो लोग भाजपा को समर्थन दे रहे हैं, उनका राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर धन्यवाद करता हूं। आज भाजपा अकेली लोकतांत्रिक पार्टी है जो कार्यकर्ता, गरीब, महिला, किसान , युवा के विकास के काम करती है। लालकिले से प्रधानमंत्री ने महिला सुरक्षा की बात की । इससे पहले किसी प्रधानमंत्री ने नहीं की थी।

500 मीटर के दायरे में ड्रोन, ग्लाइडर उड़ाने पर प्रतिबंध

भाजपा राष्ट्रीय जेपी नड्डा व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के पहुंचने से पहले कैथल की अनाज मंडी में कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा बल तैनात कर दी गई थी। कैथल अनाज मंडी, हेलीपैड पुलिस लाइन, विश्राम गृह, लोक निर्माण विभाग, के आस-पास के 500 मीटर के दायरे में ड्रोन, ग्लाइडर के उपयोग व उड़ाने पर पाबंदी लगाने के लिए धारा 144 के सीआरपीसी के तहत आदेश जारी किए हैं।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।