डेरा श्रद्धालु की हत्या निंदनीय घटना : अश्वनी शर्मा

Dera Devotee Murder Case

गुरदासपुर (सच कहूँ न्यूज)। कोटकपुरा में सरेआम गोलियां मारकर मारे गए डेरा श्रद्धालु प्रदीप सिंह की हत्या की निंदा करते पंजाब भाजपा के प्रधान अश्वनी शर्मा ने इसे राज्य सरकार की नाकामी करार दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में सरकार नाम की कोई चीज ही नहीं रह गई है। राज्य में निर्दोष लोगों की हत्याएं की जा रही हैं। अश्वनी शर्मा ने कहा कि अगर किसी पर आरोप लगता है तो उसका फैसला अदालत करती है कि वह गुनाहगार है या नहीं। इसका यह मतलब नहीं कि कोई भी असामाजिक तत्व कानून को अपने हाथों में लेकर पिस्टल पकड़कर खुद ही जज बन जाए। उन्होंने कहा कि इस घटना से पता चलता है कि पंजाब में कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है और असामाजिक तत्व लगातार ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जिनको रोकने के लिए सरकार कोई भी गंभीर प्रयास नहीं कर रही।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब से पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार आई है। कई पंजाबियों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। उन्होंने कहा कि बहुत ही दु:ख की बात है कि ऐसी घटनाओं के बाद पंजाब सरकार राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने के दावे तो कर रही है लेकिन इसे लागू नहीं कर पा रही। जो सरकार की नाकामी का बड़ा सबूत है। उन्होंने कहा कि वह इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। उन्होंने मांग की कि सरकार इस हत्या मामले की गहराई से जांच करवाकर आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाए।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।