Punjab
छत पर रखी पानी की टंकी हो गई गंदी? बिना ज्यादा मेहनत ऐसे करें चमचम साफ
बारिश और गर्मी में ऐसे करें पानी की टंकी की सफाई, नहीं होगी काई और बदबू की परेशानी
Water Tank Cleaning Tips: गर्मी और बारिश के मौसम में घर की छत पर रखी पानी की टंकी की सफाई करना बेहद जरूरी हो जाता है। अक्सर लोग टंकी में पानी भरते रहते हैं, लेकिन महीनों तक उसकी सफाई नहीं करते। ऐसे में टंकी के अंदर काई, मिट्टी, जंग और बैक्टीरिया जमा होने लगते हैं, जो पानी को दूषित बना सकते हैं। यही पानी पीने, नहाने और खाना बनाने में इस्तेमाल होता है, इसलिए गंदी टंकी कई बीमारियों की वजह बन सकती है। अक्सर लोगों को तब पता चलता है जब पानी से बदबू आने लगती है या उसमें गंदगी दिखाई देने लगती है। हालांकि थोड़ी सावधानी और कुछ आसान घरेलू तरीकों से बिना ज्यादा मेहनत के टंकी को साफ रखा जा सकता है। आइए जानते हैं पानी की टंकी साफ करने के आसान और असरदार तरीके।
सबसे पहले टंकी को पूरी तरह खाली करें
पानी की टंकी की सफाई शुरू करने से पहले उसे पूरी तरह खाली करना जरूरी है। सबसे पहले मोटर और पानी की सप्लाई बंद कर दें ताकि सफाई के दौरान दोबारा पानी न भरे। इसके बाद टंकी का सारा पानी बाहर निकाल दें। अगर नीचे थोड़ा पानी बच जाए तो उसे बाल्टी या मग की मदद से निकाल लें। ध्यान रखें कि टंकी पूरी तरह खाली होनी चाहिए, तभी अंदर जमा गंदगी साफ दिखाई देगी। सफाई करते समय फिसलन से बचने के लिए सावधानी जरूर रखें।
टंकी में जमी काई और गंदगी ऐसे हटाएं
टंकी खाली होने के बाद अंदर जमा कचरा, मिट्टी और काई को साफ करें। इसके लिए मजबूत ब्रश या लंबे हैंडल वाले ब्रश का इस्तेमाल करें। टंकी की दीवारों और तली को अच्छी तरह रगड़ें ताकि जमी हुई गंदगी निकल सके। जहां ज्यादा काई या दाग जमा हो वहां थोड़ा ज्यादा समय दें। जरूरत पड़ने पर ब्रश को डंडे या रस्सी से बांधकर भी इस्तेमाल किया जा सकता है। कई लोग नारियल झाड़ू या जूट के बोरे की मदद से भी सफाई करते हैं, जिससे काम आसान हो जाता है।
नमक से भी साफ हो सकती है पानी की टंकी
अगर आप ज्यादा केमिकल इस्तेमाल नहीं करना चाहते तो घर में मौजूद नमक भी काफी काम आ सकता है। एक बाल्टी पानी में पर्याप्त मात्रा में नमक मिलाकर गाढ़ा घोल तैयार करें और उसे टंकी की दीवारों तथा गंदगी वाली जगहों पर डाल दें। जहां ज्यादा दाग हों वहां थोड़ा सूखा नमक भी छिड़क सकते हैं। इसके बाद इसे 20 से 30 मिनट तक ऐसे ही छोड़ दें। इससे जमी हुई चिकनाई और काई ढीली पड़ जाती है और सफाई करना आसान हो जाता है।
फिटकरी और ब्लीचिंग पाउडर का करें इस्तेमाल
टंकी को पूरी तरह साफ और सुरक्षित बनाने के लिए फिटकरी और ब्लीचिंग पाउडर का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। एक बाल्टी पानी में फिटकरी मिलाकर उसका घोल तैयार करें और टंकी के अंदर डालकर अच्छी तरह रगड़ें। इसके बाद ब्लीचिंग पाउडर को दीवारों पर लगाकर 10 से 15 मिनट तक छोड़ दें। यह बैक्टीरिया और बदबू को खत्म करने में मदद करता है। बाद में टंकी को साफ पानी से 2-3 बार अच्छी तरह धो लें ताकि कोई केमिकल अंदर न रह जाए।
जामुन की लकड़ी का देसी जुगाड़
कई जगहों पर लोग पानी को साफ रखने के लिए जामुन की लकड़ी का इस्तेमाल करते हैं। माना जाता है कि जामुन की लकड़ी पानी में काई और शैवाल बनने से रोकने में मदद करती है। गांवों में पुराने समय में कुओं में भी इसका इस्तेमाल किया जाता था। अगर आपकी टंकी साफ है तो उसमें जामुन की लकड़ी का छोटा टुकड़ा डाल सकते हैं। इससे पानी लंबे समय तक साफ रहने में मदद मिल सकती है और बार-बार सफाई की जरूरत कम पड़ती है।
टंकी साफ करते समय इन बातों का रखें ध्यान
हर 2 से 3 महीने में टंकी की सफाई जरूर करें
टंकी का ढक्कन हमेशा बंद रखें
सफाई के बाद ही पानी का इस्तेमाल करें
ज्यादा केमिकल का इस्तेमाल करने से बचें
बच्चों को सफाई के दौरान टंकी के पास न जाने दें
