Maharashtra में नई सरकार: देर रात या कल फडणवीस ले सकते हैं सीएम पद की शपथ

Devendra Fadnavis Corona positive

मुम्बई (एजेंसी)। महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़े घटनाक्रम के तहत मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने गुरुवार को विधानसभा में होने वाले शक्ति परीक्षण से पहले ही बुधवार रात इस्तीफा दे दिया। ठाकरे ने उच्चतम न्यायालय के कल होने वाले शक्ति परीक्षण पर रोक लगाने से इन्कार कर देने के बाद इस्तीफा दिया। वहीं आज या कल भाजपा नेता फडणवीस मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। नई सरकार को बनाने के लिए गहमागहमी बढ़ गई है। नई सरकार में शिंदे गुट के विधायक व निर्दलीय विधायक शामिल होंगे। वहीं शिवसेना सांसद संजय राउत की पहली प्रतिक्रिया आई है। संजय राउत ने कहा कि, महाराष्ट्र में जब भी नई सरकार आएगी उनसे ये ही अपेक्षा है कि राज्य के हित के लिए काम करें। सभी पक्ष उनका साथ देंगे। हालांकि, उन्होंने आगे कहा कि, हमें अपनों ने ही धोखा दिया है। अपनों ने ही पीठ में खंजर घोंपा है।

ठाकरे ने ‘शक्ति परीक्षण’ से पहले मुख्यमंत्री पद से दिया इस्तीफा

महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़े घटनाक्रम के तहत मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने गुरुवार को विधानसभा में होने वाले शक्ति परीक्षण से पहले ही बुधवार रात इस्तीफा दे दिया। ठाकरे ने उच्चतम न्यायालय के कल होने वाले शक्ति परीक्षण पर रोक लगाने से इन्कार कर देने के बाद इस्तीफा दिया। राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने उद्धव सरकार को गुरुवार पूर्वान्ह 11 बजे सदन में बहुमत सिद्ध करने का निर्देश दिया था। ठाकरे ने कैबिनेट बैठक में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और कांग्रेस को उनकी सरकार को समर्थन देने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने महाराष्ट्र के वर्तमान राजनीतिक घटनाक्रम पर दुख व्यक्त किया और कहा कि उनकी पार्टी के लोगों ने ही उन्हें धोखा दिया है। ठाकरे ने राज्य विधान परिषद की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है।

कल ही उद्धव सरकार ने औरंगाबाद, उस्मानाबाद के नाम बदले

महाराष्ट्र में जारी राजनीतिक उथल पुथल के बीच उद्धव ठाकरे नीत मंत्रिमंडल ने राज्य के मराठवाड़ा क्षेत्र के दो शहरों – औरंगाबाद और उस्मानाबाद – का नाम क्रमश: संभाजी नगर और धाराशिव करने को बुधवार को मंजूरी दे दी। राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) व कांग्रेस के अधिकांश और शिवसेना के कुछ मंत्री शामिल हुए। बैठक में शिवसेना के केवल उन मंत्रियों ने भाग लिया जो ठाकरे के साथ हैं। मंत्रिमंडल की बैठक के बाद बोलते हुए ठाकरे ने अपनी ही पार्टी के विधायकों द्वारा धोखा दिए जाने पर निराशा व्यक्त की। उन्होंने कहा, ‘मुझे मेरी ही पार्टी के विधायकों ने धोखा दिया है। उन्होंने सहयोगी दलों, राकांपा और कांग्रेस को पिछले ढाई वर्षों के दौरान उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।

शिवसेना के बागी विधायक गोवा पहुंचे

महाराष्ट्र में तेजी से बदलते राजनीतिक घटनाक्रम के बीच शिवसेना के बागी विधायक बुधवार रात गोवा पहुंचे। सूत्रों के अनुसार विशेष विमान से बागी विधायक रात करीब 9:45 बजे दक्षिण गोवा के डाबोलिम हवाई अड्डे पर पहुंचे और शहर के पास डोना पाउला में ताज कन्वेंशन सेंटर गए जहां इनके रातभर रुकने की संभावना है। विधायकों के गोवा पहुंचने से पहले हवाईअड्डे की सुरक्षा बढ़ा दी गयी थी। ताज कन्वेंशन सेंटर को उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र में बदल दिया गया है। पुलिस के उच्च अधिकारियों ने होटल पहुंचकर सुरक्षा के इंतजामों का जायजा लिया। मीडिया का होटल के अंदर जाने पर प्रतिबंध है। इससे पहले गोवा कांग्रेस अध्यक्ष अमित पाटकर ने आरोप लगाया था कि भाजपा सरकार विपक्षी दलों के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से कहा था कि वह विधायकों के मामले पर ध्यान ना दे क्योंकि राज्य इसके अलावा भी बहुत से महत्वपूर्ण मामले हैं। उन्होंने कहा,‘गोवा सरकार उनपर ध्यान ना दें। वे पर्यटक के रूप में आ रहे हैं। पाटकर ने कहा कि वह महाराष्ट्र के बागी विधायकों से मिलने का प्रयास करेंगे और इसके पीछे का कारण जानेंगे।

आज नहीं बुलाया जाएगा विशेष सत्र

महाराष्ट्र विधानसभा सचिव राजेंद्र भागवत ने राज्य के सभी विधायकों को सूचित किया है कि राज्यपाल के आदेश के अनुसार, अब फ्लोर टेस्ट की कोई आवश्यकता नहीं है। इसलिए आज का विशेष सत्र नहीं बुलाया जाएगा। उद्धव ठाकरे ने कल महाराष्ट्र के सीएम और अपने एमएलसी पद से इस्तीफे की घोषणा की थी।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।