परेशानी : काम धंधे चौपट, कोढ़ में खाज का काम कर रही महंगाई
कुरुक्षेत्र(सच कहूँ/ देवीलाल बारना)। महंगाई की मार आमजन पर ऐसी पड़ रही है कि हर कोई लाचार नजर आ रहा है। ऐसी कोई भी चीज नजर नहीं आती जिस पर महंगाई का असर दिखाई न देता हो। पैट्रोल-डीजल व रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले कुछ समय में ही कई बार तेलों के दामों में इजाफा हो गया है। पैट्रोल-डीजल के दामों में लगातार हो रहे इजाफे से जरूरत की सभी चीजों के दाम भी लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। वर्तमान हालात में इससे राहत की उम्मीद भी नजर नहीं आ रही है। शायद ही कोई ऐसा दिन बीतता होगा जब डीजल व पैट्रोल के दाम न बढ़े हों।
पिछले दो वर्षों में महामारी का उद्योगों व आमजन पर गहरा असर पड़ा है। अभी लोग महामारी के कारण हुए आर्थिक नुकसान से उभरे भी नही हैं कि महंगाई की मार लोगों का जीना मुहाल कर रही है। लोगों का काम धंधा चौपट है और रोज खाने कमाने वालों की स्थिति तो ओर ज्यादा चिंताजनक नजर आती है। महंगाई को लेकर रिजर्व बैंक पहले ही चिंता जता चुका है। आम लोगों पर महंगाई की मार के दूरगामी असर होते हैं, जो उन्हें गरीबी की ओर धकेलते हैं। अब सवाल है कि लोगों को महंगाई की ओर मार से कैसे बचाया जाए?
कोरोना काल में जनता पर पड़ी दोहरी मार
कोरोना काल के दौरान जनता पर दोहरी मार पड़ी है। कोरोना के कारण एक तो काम धंधे चौपट हो गए और दूसरा इस समय काल में रिकार्ड महंगाई दर्ज की गई है। मार्च 2020 में कोरोना के चलते देश में लॉकडाउन लगाया गया था। यदि एक अप्रैल 2020 से एक अप्रैल 2022 तक के समय को देखा जाए तो पैट्रोल व डीजल के दामों में डेढ गुणा तक वृद्धि हुई है। इस दो वर्ष के अंतराल में डीजल 31.44 रूपए व पैट्रोल 32.21 रूपए की वृद्धि दर्ज की गई है।
दो वर्ष के अंतराल में पैट्रोल व डीजल के दामों पर एक नजर (ये रेट कुरुक्षेत्र हरियाणा के हैं)-
तिथि डीजल पेट्रोल
- 1 अप्रैल 2020 61.85 69.99
- 1 मई 2020 61.85 69.99
- 1 जून 2020 62.96 70.99
- 1 जुलाई 2020 72.51 78.37
- 1 अगस्त 2020 73.757 8.39
- 1 अक्टूबर 2020 70.93 78.94
- 1 दिसंबर 2020 72.69 80.24
- 1 जनवरी 2021 74.14 81.57
- 1 फरवरी 2021 76.78 84.10
- 1 मार्च 2021 81.77 88.81
- 1 अप्रैल 2021 81.17 88.81
- 1 मई 2021 81.03 88.07
- 1 जून 2021 85.66 92.00
- 1 जुलाई 2021 89.47 96.17
- 1 अगस्त 2021 90.17 99.14
- 1 सितंबर 2021 89.13 98.72
- 1 अक्टूबर 2021 90.56 99.28
- 1 नवंबर 2021 98.87 107.23
- 1 दिसंबर 2021 86.76 95.55
- 1 जनवरी 2022 86.76 95.55
- 1 फरवरी 2022 86.76 95.55
- 1 मार्च 2022 86.76 95.55
- 1 अप्रैल 2022 93.29 102.20
- 12 अप्रैल 2022 96.89 105.66
21 दिनों में 9 रूपए से ज्यादा पैट्रोल व डीजल के दामों में उछाल
4 नवंबर 2021 को लगभग 10 रूपए पैट्रोल व डीजल के दाम कम किए गए थे जोकि 22 मार्च 2022 को फिर से बढने शुरु हो गए। इस समय अवधी के दौरान तेलों के दामों में कोई उछाल नहीं आया। इसके बाद 22 मार्च 2022 से 12 अप्रैल 2022 तक 21 दिनों के अंतराल में पेट्रोल के दामों में 9.31 रूपए का उछाल व डीजल के दामों में 9.32 रूपए का उछाल आया है। ऐसे में लगातार बढ़ रहे पैट्रोल व डीजल के दामों से आमजन परेशान है।
अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter, Instagram, LinkedIn , YouTube पर फॉलो करें।