किसानों के नाम पर हो रही राजनीति : मुख्यमंत्री

Politics being done in the name of farmers sachkahoon

बोले-9 फसलों पर एमएसपी देने वाला हरियाणा एकमात्र प्रदेश

नारनौल (सच कहूँ/विजय कौशिक)। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि किसानों के नाम पर कुछ राजनीतिक लोग राजनीति कर रहे हैं। ये लोग वास्तव में किसान हितैषी नहींं बल्कि किसानों का नुकसान करवा रहे हैं। इतने दशकों से जिन समस्याओंं से किसान जूझ रहा है, उन्हें केंद्र सरकार कानून बनाकर दूर करना चाहती है। लेकिन कुछ लोग बिना कुछ सुने ही कानून वापसी की रट लगाए बैठे हैं। इसके बावजूद हमेंं धैर्य रखना है। यही धैर्य हमारी ताकत है। लोकतंत्र में चर्चा करने का एक मंच होता है, वहां पर चर्चा होनी चाहिए, लेकिन व्यवस्था बिगाड़ने का काम नहींं करना चाहिए। मुख्यमंत्री बुधवार को यहां एक फार्म हाउस में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

सीएम ने कहा कि हरियाणा एकमात्र ऐसा प्रदेश है जहां पर 9 फसलोंं की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर हो रही है। आगे भी किसानोंं की बेहतरी के लिए यह व्यवस्था जारी रहेगी। हम किसानों के हित सुरक्षित रखने को प्रतिबद्ध हैं। यहां के किसानोंं ने कृषि कानूनों का समर्थन किया है। यह बहुत ही अच्छी बात है कि किसान इस बात को समझते हैं। सरकार किसानोंं का एक-एक दाना खरीदेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 8 लाख एकड़ बरानी क्षेत्र है। सरकार आने वाले समय में इन्हें भी माइक्रो इरीगेशन प्रणाली के माध्यम से सिंचित क्षेत्र बनाना चाहती है। विशेषकर दक्षिणी हरियाणा के जिलों के लिए खेत जलघर योजना बनाई है। किसानोंं का समूह मिलकर मिकाडा के माध्यम से खेत में टैंक बनवाता है तो उस पर 85 फीसदी तक का अनुदान दिया जाएगा। इस तरह हम हर खेत तक पानी पहुंचाने को प्रतिबद्ध हैं।

प्रत्येक परिवार की 10 हजार मासिक आमदनी होगी सुनिश्चित

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने गांवों के विकास के लिए ग्राम दर्शन व शहरों के विकास के लिए नगर दर्शन नाम का पोर्टल तैयार किया है। ग्राम दर्शन पोर्टल ने काम करना शुरू कर दिया है। अब कोई भी नागरिक विकास कार्यों की मांग इस पोर्टल पर दर्ज करा सकता है। इसके बाद संबंधित जनप्रतिनिधि उसकी अनुशंसा करेगा। प्रदेश का हर नागरिक आर्थिक दृष्टि से आगे बढ़े इसके लिए परिवार पहचान पत्र योजना के माध्यम से मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार योजना लागू की है जिसमें हर परविार की कम से कम मासिक 10 हजार रुपए की आमदनी सुनिश्चित करेंगे।

इस बैठक की अध्यक्षता भाजपा के जिला प्रधान राकेश शर्मा ने की। इस अवसर रामबिलास शर्मा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओमप्रकाश यादव, नांगल चौधरी के विधायक डा. अभय सिंह यादव, अटेली के विधायक सीताराम यादव आदि उपस्थित थे।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।