राष्ट्रपति पर बयान से बवाल, ‘Don’t talk to me’ संसद में जब स्मृति ईरानी से बोलीं सोनिया गांधी

सोनिया-स्मृति ईरानी के बीच नोकझोंक

नई दिल्ली (सच कहूँ न्यूज)।  कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के बीच आज लोकसभा में कार्यवाही स्थगित होने के बाद अभूतपूर्व नोकझोंक हुई जिसे लेकर कांग्रेस एवं सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाये। कांग्रेस ने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने श्रीमती गांधी के साथ अमर्यादित व्यवहार किया है जबकि सत्ता पक्ष की ओर से वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने श्रीमती ईरानी को धमकी दी है। लोकसभा की कार्यवाही सत्ता पक्ष और विपक्ष के हंगामे के कारण 12 बजे जैसे ही स्थगित हुई श्रीमती गांधी भाजपा की सांसद एवं सत्तापक्ष की ओर से पीठासीन अधिकारियों के पैनल की वरिष्ठ सदस्य श्रीमती रमा देवी के पास पहुंचीं और उनसे स्थिति को लेकर बात करने लगी। श्रीमती गांधी ने जानना चाहा कि बार बार उनका नाम सदन में क्यों लिया जा रहा है। इसी बीच प्रश्नकाल के दौरान राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू को लेकर सदन में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी के बहाने कांग्रेस तथा श्रीमती गांधी पर तीखा हमला करने वाली केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी वहां पहुंच गयीं और उन्होंने दोनों की बातचीत में हस्तक्षेप का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि श्रीमती गांधी ने कहा-‘मुझसे बात मत कीजिए।

इस दौरान सदन में मौजूद कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि आज लोकसभा में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के प्रति भाजपा की तरफ से बेहद शर्मनाक व्यवहार हुआ। पहले उनके खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल हुआ और बाद में जब श्रीमती गांधी भाजपा की महिला सांसदों के पास गई तो उनके साथ आपत्तिजनक व्यवहार किया गया। उनका कहना था कि भजपा महिलाओं का वोट पाने को अच्छे-अच्छे नारे गढ़ती है लेकिन उसी भाजपा ने आज सदन में एक महिला यानी श्रीमती गांधी का अपमान किया है। कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने भी श्रीमती ईरानी के व्यवहार पर तीखी प्रतिक्रिया करते हुए कहा ‘आज लोकसभा में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अमर्यादित और अपमानजनक व्यवहार किया, लेकिन क्या अध्यक्ष इसकी निंदा करेंग? क्या नियम सिर्फ विपक्ष के लिए होते हैं? उधर सत्तापक्ष की ओर से वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने श्रीमती गांधी को घेरते हुए कहा कि उन्होंने संसद में श्रीमती ईरानी के साथ जो व्यवहार किया वह एक तरह की धमकी थी।

राष्ट्रपति के अपमान के लिए देश से माफी मांगें सोनिया गांधी : सीतारमण

भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) की वरिष्ठ नेता एवं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ‘राष्ट्रपत्नी’ कहने का मामला उठाया और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से माफी की मांग की। श्रीमती सीतारमण ने सदन की कार्यवाही शुरू होने के बाद यह मामला उठाते हुए कहा कि लोकसभा के कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने श्रीमती मुर्मू को ‘राष्ट्रपत्नी’ ने कहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी नेता ने जानबूझकर श्रीमती मुर्मू का अपमान किया है।

श्रीमती मुर्मू आदिवासी, वंचित और दलित समाज का प्रतिनिधित्व करती हैं। वह राज्य में मंत्री, राज्यपाल और सांसद रही हैं। यह उनका जानबूझकर अपमान किया गया है। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रपति पद और देश का अपमान है। श्रीमती सीतारमण ने मांग की कि कांग्रेस अध्यक्ष को इसके लिए देश और राष्ट्रपति से क्षमा याचना करनी चाहिए। वहीं लोकसभा में स्मृति इरानी ने भी कांग्रेस पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि सोनिया गांधी को तुरंत माफी मांगनी चाहिए। आपको बता दें कि सोनिया गांधी सदन में उपस्थित थी उसी समय ही इरानी ने कांग्रेस पर जोरदार हमला किया।

वहीं कांग्रेस नेता अधीर रंजन ने संसद के बाहर अपने बयान पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि गलती से मैंने मुर्मू को राष्टÑपति कह दिया, अब आप मुझे फांसी पर चढ़ाने चाहते हैं तो चढ़ा दीजिए।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।