परमार्थ के लिए आते हैं संत

Anmol Vachan

सरसा। पूज्य गुरू संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां फरमाते हैं कि संत, पीर-फकीर इस संसार में हर किसी का भला करने के लिए आते हैं। दुनिया में ज्यादातर लोग अपने लिए, अपने गर्ज के लिए समय गुजारते हैं, परन्तु संत परमार्थ के लिए समय लगाते हैं। दूसरों का दु:ख अपना दु:ख बनाते हैं और अल्लाह, वाहेगुरु, गॉड, खुदा, रब्ब से दुआ करके उनके दु:ख दूर करने की कोशिश करते हैं। अगर जीव संतों के वचन मान ले तो उसके दु:ख दूर हो जाते हैं और वचन न माने तो उसे अपने कर्मों का फल भोगना पड़ता है।

संतों का काम शिक्षा देना है

पूज्य गुरु जी फरमाते हैं कि संतों का काम शिक्षा देना है। जिस प्रकार टीचर, लेक्चरार कक्षा में जाकर विद्यार्थियों को लेक्चर देते हैं, अपने तरीके से सिखाते हैं। फिर विद्यार्थियों पर निर्भर होता है कि वो टीचर की बातों को कितना मानते हैं। जो बच्चे मानते हैं, सिखाए गए का अनुसरण करते हैं, उन्हें मेरिट हासिल होती है। कुछ फर्स्ट डिविजन में आते हैं और आगे तरक्की करते हैं। कुछ ऐसे विद्यार्थी होते हैं ,जो टीचर की बातों की तरफ ध्यान नहीं देते, वो सिर्फ टाइम पास करने के लिए स्कूल, कॉलेज में जाते हैं। तो वो नेचुरली फेल ही होंगे। इसी तरह संत, पीर-फकीर सभी को समझाते हैं। जो सुनकर अमल कर लेते हैं, वो दोनों जहान की खुशियों के काबिल बन जाता है।

अगर पूरा अमल कर लेते हैं तो परमात्मा के दर्शन भी कर लेते हैं। जो थोड़ा अमल करते हैं, उन्हें भी कभी-कभार दर्श-दीदार हो जाते हैं। आप जी फरमाते हैं कि संतों का काम परमार्थ, परहित के लिए समय लगाना है। वो किसी से डरते नहीं, किसी को डराते नहीं। वो किसी से डरते इसलिए नहीं क्योंकि वो उस निर्भय अल्लाह, वाहेगुरु, राम से प्यार करते हैं। वो ईश्वर निर्भय, निरवैर है तो उसका संत, जो उससे प्यार-मोहब्बत करता है वो भी निर्भय, निरवैर होता है। उनका किसी से कोई वैर-विरोध नहीं होता। संतों का काम सभी को सच्ची शिक्षा देना है, अल्लाह, वाहेगुरु, मालिक से जोड़ना है। जो सुनकर अमल कर लेते हैं उनका बेड़ा पार हो जाता है। इसलिए सुनकर अमल करो ताकि मालिक की कृपा-दृष्टि के काबिल बन सकें।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।