सिंघु हत्या केस: निहंग के साथ कृषि मंत्री तोमर की फोटो वायरल, कांग्रेस ने भाजपा को घेरा

Singhu Murder Case

चंडीगढ़ (सच कहूँ डेस्क)। पिछले दिनों सिंघु बॉर्डर पर युवक की बर्बर हत्या करने के केस में नया खुलासा हुआ है। सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें निहंग चीफ बाबा अमन सिंह भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ दिख रहे हैं। ये वही बाबा अमन सिंह हैं, जिनके ग्रुप के साथियों पर सिंघु बॉर्डर पर युवक की बर्बर तरीके से हत्या करने का आरोप लगा है। कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने इस फोटो को ट्वीट कर नई बहस को छेड़ दिया है। उधर फोटो वायरल होने के बाद किसान नेता लखबीर सिंह की हत्या को षड्यंत्र बताकर बीजेपी पर सवाल उठाए हैं।

वापस लौटेंगे या नहीं, इसका फैसला 27 को: निहंग

हरियाणा में सोनीपत के कुंडली बॉर्डर पर तरनतारन के लखबीर सिंह की बर्बरतापूर्वक हत्या के मामले में चौतरफा भर्त्सना के बाद अब निहंगों ने धरनास्थल से वापस लौटने या रुकने को लेकर जनमत संग्रह करवाने का फैसला लिया है। निहंग 27 अक्तूबर को कुंडली बार्डर पर धार्मिक एकत्रता की बैठक करेंगे और इसी बैठक में जनमत संग्रह के आधार पर ही फैसला लेंगे कि उन्हें वापस जाना चाहिए या नहीं।

निहंग बाबा राजा राम सिंह का कहना है कि वह कुंडली बॉर्डर पर किसानों की हिफाजत के लिए बैठे हैं। हमेशा से वह आंदोलनों में किसानों व सिखों की हिफाजत करते आए हैं। 27 अक्तूबर को होने वाली बैठक में सिख कौम के बुद्धिजीविओं के अलावा संगत भी शामिल होगी। यहां जो फैसला लेंगे, उसे पूरी संगत मानेगी। निहंग बाबा राजाराम सिंह ने कहा कि हम भागने वालों में से नहीं है। जो हमने किया है, उसे स्वीकार किया है। अदालत में हमारे साथियों ने स्वीकार किया है। साथ ही उन्होंने एसकेएम नेता योगेंद्र यादव पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि योगेंद्र यादव को एसकेएम ने सिर चढ़ा रखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वह भाजपा व आरएसएस का बंदा है। उनके सामने आकर जवाब देकर दिखाएं।

सिंघु सीमा पर दलित हत्याकांड कर चन्नी चुप क्यों: अटवाल

पंजाब प्रदेश भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष राज कुमार अटवाल ने दिल्ली-हरियाणा की सिंघु सीमा पर किसान आंदोलन स्थल पर तरनतारन निवासी दलित नौजवान लखबीर सिंह की तालिबानी तरीके से की नृशंस हत्या पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए कहा कि इस घटना पर चुप्पी के लिये राज्य के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को आड़े हाथ लिया है।

अटवाल ने जारी एक बयान में कहा कि इस घटना ने अफगानिस्तान में तालिबालियों द्वारा की जा रही बर्बरता का मंजर ताजा कर दिया है। उन्होंने सवाल किया कि राज्य के मुख्यमंत्री जो स्वयं भी दलित समुदाय से ताल्लुक रखते हैं, वह इस घटना पर चुप क्यों हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए किसान आंदोलन को भड़काया और अब इस पार्टी का कोई नेता किसानों आंदोलन स्थल पर हुई नृशंस हत्या पर मुंह नहीं खोल रहा है।

राहुल गाँधी, प्रियंका गाँधी राजनीति चमकाने में लगे

भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गाँधी, प्रियंका गाँधी, भूपेश बघेल, चरणजीत चन्नी और नवजोत सिद्धू अपनी राजनीति चमकाने के लिए लखीमपुर में डेरे डाल कर बैठे रहे और कथित तौर पर करोड़ों रुपए बांटते रहे। लेकिन इन कांग्रेसियों को अपने कांग्रेस शासित राज्यों में घटित हो रही घटनाएं क्यों नजर नहीं आतीं। उन्होंने कहा कि अराजक तत्व इस हत्या को बेअदबी के साथ जोड़ रहे हैं। भाजपा बेअदबी की किसी भी घटना का किसी भी तरह समर्थन नहीं करती। भाजपा पहले भी बेअदबी के मामलों में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त सजा की माँग करती आई है और आज भी करती है।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।