सपा सांसद अखिलेश यादव और आजम खान ने लोकसभा की सदस्यता से दिया इस्तीफा

Akhilesh Yadav

लखनऊ (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तथा आजम खान ने मंगलवार को लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। अखिलेश यादव 2019 में आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने गए थे। गौरतलब हैं कि हाल ही में हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव मैनपुरी जिले के करहल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल को 67,504 वोटों के अंतर से हराकर विधायक निर्वाचित हुए थे। वहीं आजम खान उत्तर प्रदेश के रामपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद थे। विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान रामपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के आकाश सक्सेना को 55 हजार से ज्यादा मतों से शिकस्त दी है।

रसोई गैस के दाम बढ़ने पर अखिलेश का तंज : चुनाव खत्म, महंगाई शुरू

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम में बढ़ोतरी से जनता पर मंहगाई की मार पड़ने के लिये देश और प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जिम्मेदार ठहराया है। अखिलेश ने चार राज्यों में हुए चुनाव के कारण पिछले कुछ महीनों से पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में इजाफा नहीं होने के बाद चुनाव संपन्न होते ही कीमत में बढ़ोतरी तंज कसते हुए कहा कि अब चुनाव खत्म और मंहगाई शुरू हो गयी है।

यह जनता को भाजपा का नया उपहार है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘जनता को दिया भाजपा सरकार ने महंगाई का एक और उपहार’ लखनऊ में रसोई गैस सिलेंडर हुआ हजार के पास और पटना में हजार के पार। चुनाव खत्म, महंगाई शुरू। उल्लेखनीय है कि देश में 137 दिनों के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 80-80 पैसे प्रति लीटर की बढोतरी की गयी है। पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत में बढ़ोतरी के कारण आज संसद में भी विपक्षी दलों के हंगामे के कारण उच्च सदन की बैठक दो बार स्थगित करनी पड़ी।

भाजपा से बसपा नहीं बल्कि मुलायम सिंह मिले हुए हैं : मायावती

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी (सपा) और इसके संस्थापक मुलायम सिंह यादव पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से मिले होने का आरोप लगाया है। मायावती ने हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में बसपा द्वारा भाजपा को लाभ पहुंचाने के सपा सहित अन्य विपक्षी दलों के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि भाजपा के साथ बसपा नहीं बल्कि सपा और मुलायम सिंह मिले हुए हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिछले शपथ ग्रहण समारोह में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को मुलायम सिंह द्वारा भाजपा का आशीर्वाद दिलाने का भी आरोप लगाया। मायावती ने तंज कसते हुए सोशल मीडिया पर अपनी एक टिप्पणी में कहा, ‘बीजेपी से, बी.एस.पी. नहीं बल्कि सपा संरक्षक मुलायम सिंह खुलकर मिले है, जिन्होंने बीजेपी के पिछले हुये शपथ में, अखिलेश को बीजेपी से आशीर्वाद भी दिलाया है और अब अपने काम के लिए एक सदस्य को बीजेपी में भेज दिया है। यह जग-जाहिर है।

योगी ने विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दिया

उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में संपन्न हुए विधान सभा चुनाव में विधायक चुने जाने के बाद विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। योगी अपने पिछले कार्यकाल में विधान मंडल के उच्च सदन (विधान परिषद) के सदस्य के रूप में मुख्यमंत्री पद पर कार्य किया था। विधान परिषद के प्रमुख सचिव डा राजेश सिंह की ओर से सोमवार को देर रात जारी बयान में यह जानकारी दी गयी है।

योगी ने सोमवार को देर शाम विधान परिषद के सभापति कुंअर मानवेन्द्र सिंह को अपना इस्तीफा भेज दिया, जिसे तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया गया। डा सिंह ने बताया कि विधान परिषद की प्रक्रिया तथा कार्य संचालन नियमावली के नियम 233 के तहत सदन में योगी का स्थान मंगलवार से रिक्त घोषित कर दिया गया। गौरतलब है कि गोरखपुर संसदीय क्षेत्र से लगातार पांच बार सांसद चुने गये योगी ने विधानसभा चुनाव में गोरखपुर सदर सीट से जीत दर्ज की। इससे पहले 2017 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आठ सितंबर 2017 को विधान परिषद के सदस्य चुने गये थे।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।