हरियाणा के नगर निगम चुनाव में भाजपा का परचम

Haryana Civic Polls 2018 Result

मेयर पद पर सभी जगह आगे

चंडीगढ़ (एजेंसी)। हरियाणा में पांच प्रमुख शहरों के नगर निगम चुनावों में भाजपा का जलवा है। भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार सभी जगह मेयर पद पर बहुत आगे चल रहे हैं। पानीपत में मुकाबला एकतरफा है और भाजपा भारी मतों से जीत की ओर अग्रसर है। रोहतक, करनाल, हिसार और यमुनानगर नगर निगमों के मेयर पद की मतगणना भी भाजपा ने बढ़त बनाई हुई है। पार्षद के चुनाव में भी उसका जलवा दिख रहा है। 16 दिसंबर को पड़े मतों की गिनती अभी जारी है। मतगणना सुबह ठीक आठ बजे शुरू हुई। इसके साथ कैथल जिले की पुंडरी और फतेहाबाद की जाखल मंडी नगरपालिका के लिए मतगणना भी हो रही है।

पांचों नगर निगमों के मेयर चुनाव में भाजपा का जलवा है और इससे पार्टी में खासा उत्साह है। पानीपत में भाजपा प्रत्याशी अवनीत कौर ने निर्णायक बढ़त बना ली है। रोहतक में पार्टी के मनमोहन गोयल, हिसार में गौतम सरदाना और यमुनानगर में मदन सिंह को अच्छी बढ़त मिली हुई है। सीएम सिटी करनाल में भाजपा की रेणु बाला कांग्रेस और इनेलो की संयुक्त प्रत्याशी आशा वधवा से आगे चल रही हैं।

पानीपत नगर निगम के मेयर पद की मतगण्ना में भाजपा भारी मतों से आगे है। यहां भाजपा की मेयर पद की उम्मीदवार अवनीत कौर ने 46635 मतों से आगे हैं। अवनीत को अब तक 75995 मत मिले हैं। कांग्रेस समर्थित अंशु पाहवा को अब तक 29360 वोट मिले हैं। इस तरह अवनीत कौर एकतरफा जीत की ओर अग्रसर हैं। कांग्रेस समर्थित अंशु कौर पाहवा कहीं नहीं टिक पाईं। लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी की सीमा सैनी और इनेलो-बसपा की प्रियंका कश्यप भी बुरी तरह पिछड़ गईं।

Haryana Civic Polls 2018 Result

हिसार में गौतम सरदाना 14421 मतों से आगे

मेयर पद की मतगणना में भाजपा सभी शहरों में आगे हैं। हिसार में भाजपा के गौतम सरदाना अपनी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस समर्थित रेखा ऐरन से करीब 14421 मतों से आगे हैं। यहां भजनलाल और जिंदल परिवार ने भाजपा के बागी हनुमान ऐरन की पत्नी रेखा ऐरन पर दांव खेला। इनेलो-बसपा गठबंधन के अमित सैनी का गणित सांसद दुष्यंत के समर्थकों ने बिगाड़ दिया। अब तक की मतगण्ना में भाजपा के गौतम सरदाना को 23688 वोट और रेखा ऐरन 9267 वोट मिले हैं।

रोहतक में भी भाजपा आगे

रोहतक नगर निगम के मेयर पद की मतगणना में भी भाजपा आगे चली है। भाजपा के मनमोहन गोयल अब कांग्रेस समर्थित सीताराम सचदेवा से 6374 वोटों से आगे हैं। इनेलो उम्मीदवार तीसरे स्थान पर चल रहा है। अब तक मनमोहन गोयल को 21766 वोट और सीता राम सचदेवा 15392 वोट मिले हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा और राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर के लिए नाक का सवाल बने चुनाव में सीधा मुकाबला कांग्रेस समर्थित सीताराम सचदेवा और भाजपा के मनमोहन गोयल में था। जाटों के आधे वोटों में सेंध लगा चुके सचदेवा के समर्थन में पंजाबी मतदाता भी बड़ी संख्या में उतरे। इनेलो-बसपा के साझे उम्मीदवार संचित नांदल ने अपने पैतृक गांव बोहर के अलावा बलियाना और माजरा जैसे गांवों से जाटों के बड़े वोट खींचे। इसके बावजूद भाजपा उम्मीदवार गोयल पंजाबी और अग्रवाल समुदाय की मदद से जीत की ओर बढ़ चले हैं।

Haryana Civic Polls 2018 Result

यमुनानगर में भी भाजपा की बल्ले-बल्ले

यमुनानगर नगर निगम के मेयर पद की मतगणना में भी भाजपा का जलवा है। भाजपा के मदन सिंह अपने प्रतिद्वंद्वी बसपा के संदीप कुमार गोयल से 19762 से अधिक मतों से आगे हैं। यहां भाजपा उम्मीदवार मदन चौहान को अब तक 47465 और राज्यसभा सदस्य कुमारी सैलजा समर्थित राकेश शर्मा को 27703 वोट मिले हैं। बसपा के टिकट पर चुनाव लड़े संदीप गोयल तीसरे स्थान पर हैं।

सीएम सिटी करनाल में भाजपा को बढ़त लेकिन कांटे की टक्कर

सीएम सिटी करनाल में भाजपा प्रत्याशी रेणु बाला गुप्ता अब तक की मतगणना में 9955 वोटों से आगे हैं। रेणु बाला को अब तक 41152 वोट और इनेलो व कांग्रेस समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार आशा वधवा को 31197 वोट मिले हैं। आशा वधवा ने मुकाबले को रोमांचक बना दिया। पहली बार मुख्यमंत्री मनोहर लाल को अपनी प्रत्याशी के लिए चार-चार जनसभाएं करनी पड़ीं। यमुनानगर में वार्ड नंबर 6 से भाजपा की प्रीति जोर ने चुनाव जीत लिया है। रोहतक नगर निगम के चुनाव में वार्ड एक से कृष्ण सहरावत की जीत हुई है।

वह करीब 1500 वोटों से जीते हैं। वह कांग्रेस समर्थित हैं। जाखल मंडी नगरपालिका के चुनाव में वार्ड एक से हरविंदर सिंह, वार्ड दो से वीरन रानी और वार्ड तीन से मोनिका और वार्ड चार से कीर्ति गोयल जीते। जाखल मंडी में वार्ड आठ से विक्रम जीत सिंह, नौ से बिक्रम कुमार और 13 से सीमा रानी जीतीं। यहां 13 वार्डों में 35 पार्षद के लिए उम्मीदवार थे। इनमें 17 पुरुष और 18 महिलाएं हैं।

करनाल में वार्ड एक से भाजपा नवीन, वार्ड पांच से जयभगवान कश्यप और वार्ड छह से नीलम देवी पार्षद बने हैं। वार्ड दो बलविंदर (स्वतंत्र), वार्ड तीन से मनजीत कौर (स्वतंत्र) और वार्ड चार से नीलम (स्वतंत्र) चुनाव जीते हैं। पानीपत के वार्ड नंबर एक से भाजपा की प्रत्याशी अनिता परुथी जीती हैं। पानीपत वार्ड पांच से भाजपा के अनिल बजाज विजेता बने।

वह 1355 वोटों से जीते। पानीपत के वार्ड नौ से भाजपा की मीनाक्षी नारंग 1900 से ज्यादा वोटों से जीतीं। पानीपत के वार्ड चार से भाजपा का रविंद्र नागपाल जीते हैं। यमुनानगर नगर निगम के वार्ड एक से संजय राणा जीते। वह कांग्रेस समर्थित हैं। हिसार में वार्ड एक से निर्दलीय टीनू जैन जीते। करनाल नगर निगम में वार्ड नंबर एक से भाजपा के नवीन कुमार चुनाव जीते।

हिसार: 13 जगह निर्दलीय तो 7 जगह भाजपाइयों को सफलता

हिसार में 20 में से सिर्फ 7 जगह पर ही भाजपाई प्रत्याशियों को सफलता मिली है, बाकी जगहों पर निर्दलीय उम्मीदवारों को जीत हासिल हुई है। इन निर्दलीय उम्मीदवारों में कुछ को कांग्रेस और इनेलो का समर्थन हासिल था। हालांकि, सिंबल पर चुनाव नहीं लड़ा थ। यहां वार्ड एक से अनिल जैन उर्फ टीनु (निर्दलीय), दो से कविता केड़िया (भाजपा), तीन से शालू धीमान (निर्दलीय), चार से अनिल मणि (भाजपा), पांच से ज्योति भीम महाजन (भाजपा), छ: से उमेद सिंह (निर्दलीय), सात से मनोहर लाल (निर्दलीय), आठ से भूपसिंह रोहिल्ला (भाजपा), नौ से जय प्रकाश, दस से बिमला देवी (निर्दलीय), 11 से सरोज बाला (निर्दलीय), 12 से जगमोहन मित्तल (निर्दलीय), 13 से अमिता (निर्दलीय) 14 से अमित (निर्दलीय), 15 से प्रीतम सिंह (भाजपा), 16 से विनोद ढांडा (निर्दलीय), 17 से महेंद्र जुनेजा (भाजपा), 18 से जयवीर गुर्जर (भाजपा), 19 से नरेंद्र शर्मा (निर्दलीय) और वार्ड 20 से अंबिका शर्मा (निर्दलीय) को जीत मिली है।

 

 

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो।