धान सीजन में किसानों को मिलेगी निर्बाध आठ घंटे ‘बिजली सप्लाई’

बिजली मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने बोले, हमारी तरफ से सभी इंतजाम पूरे

Sarvesh Kumar Picture
Published On

चंडीगढ़ (सच कहूँ/अश्वनी चावला)। आगामी धान सीजन को लेकर पंजाब सरकार और पंजाब स्टेट पावर कॉपोर्रेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) द्वारा इस बिजाई सीजन के दौरान किसानों को 8 घंटे निर्बाध बिजली सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। इस संबंध में अंतिम चरण की तैयारियों की विभाग के उच्च अधिकारियों द्वारा समीक्षा कर ली गई है ताकि पूरे सीजन के दौरान किसी प्रकार की कमी न रहे। इसके लिए प्रत्येक जिले और ब्लॉक स्तर पर बाकायदा टीमों का गठन कर दिया गया है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए बिजली मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा विभिन्न जिलों के लिए जारी धान सीजन शेड्यूल के अनुसार 8 घंटे बिजली सप्लाई सुनिश्चित की जाएगी। पूर्व निर्धारित समय सारिणी के अनुसार 1 जून से गुरदासपुर, पठानकोट, अमृतसर, तरनतारन, रूपनगर, एसएएस नगर, फतेहगढ़ साहिब और होशियारपुर जिलों में यह व्यवस्था लागू होगी। इसके बाद 5 जून से फरीदकोट, बठिंडा, फिरोजपुर, श्री मुक्तसर साहिब और फाजिल्का जिलों में तथा 9 जून से लुधियाना, मलेरकोटला, मानसा, मोगा, पटियाला, संगरूर, बरनाला, कपूरथला, जालंधर और एसबीएस नगर जिलों में किसानों को प्रतिदिन 8 घंटे से अधिक बिजली उपलब्ध करवाई जाएगी। 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने कृषि क्षेत्र को प्राथमिकता दी है और धान सीजन के दौरान किसानों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

पंजाब के मेहनती किसान देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में निभा रहे अहम: सौंद

तरुणप्रीत सिंह सौंद ने बताया कि पीएसपीसीएल राज्य में कृषि के लिए जारी प्रत्येक मोटर कनेक्शन को प्रतिदिन 8 घंटे से अधिक बिजली उपलब्ध करवाएगा ताकि किसान बिना किसी परेशानी के धान की रोपाई कर सकें। उन्होंने कहा कि पंजाब के मेहनती किसान देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाते हैं और राज्य सरकार इस महत्वपूर्ण समय में उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि बिजली वितरण प्रणाली की लगातार निगरानी के लिए पूरे राज्य में पीएसपीसीएल अधिकारियों और तकनीकी स्टाफ की विशेष टीमें तैनात की गई हैं।

फील्ड अधिकारियों को 24 घंटे उपलब्ध रहने तथा किसी भी प्रकार की खराबी, ट्रांसफार्मर संबंधी समस्या और अन्य तकनीकी खामियों को प्राथमिकता के आधार पर तुरंत दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि धान की बिजाई के दौरान किसानों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए विशेष कंट्रोल रूम और शिकायत निवारण प्रणाली को और मजबूत किया गया है। सौंद ने बताया कि पीएसपीसीएल ने ट्रांसमिशन लाइनों, ट्रांसफार्मरों और अन्य बिजली ढांचे के आवश्यक रखरखाव कार्य पहले ही पूरे कर लिए हैं ताकि अधिक मांग वाले सीजन के दौरान अनावश्यक बाधाओं से बचा जा सके।

Chandigarh News

About The Author

Related Posts