देश का स्टार्टअप हब बन रहा पंजाब, 31 स्टार्टअप्स को सौंपी 1.07 करोड़ की सीड ग्रांट
पंजाब के सफल उद्यमियों की अगली पीढ़ी न केवल पंजाब से आए, बल्कि अपनी कंपनियां भी पंजाब में स्थापित करे: मान
चंडीगढ़ (सच कहूँ/अश्वनी चावला)। Chandigarh News: वर्तमान समय में पंजाब नवोन्मेषी विचारों, अनोखी सोच और उद्यमी युवाओं की पहल के कारण विकास की नई कहानी रच रहा है। यही कारण है कि पंजाब पूरे देश में सबसे पसंदीदा स्टार्टअप केन्द्र के रूप में उभर रहा है, जहाँ युवा अपने विचारों को व्यवसाय और रोजगार के अवसरों में बदल रहे हैं। इस दृष्टिकोण का समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को 31 स्टार्टअप्स और उनके संस्थापकों को 1.07 करोड़ रुपये की सीड ग्रांट वितरित की। उन्होंने कहा कि सफल उद्यमियों की अगली पीढ़ी न केवल पंजाब से आए बल्कि अपनी कंपनियां भी पंजाब में स्थापित करें, जिससे प्रदेश में रोजगार और आय के नए अवसर पैदा हों।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टार्टअप पंजाब के भविष्य के आर्थिक विकास का प्रमुख स्तंभ हैं और पंजाब सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि किसी भी उत्कृष्ट उद्यम को वित्तीय सहायता की कमी के कारण छोड़ना न पड़े। उन्होंने बताया कि ‘पंजाब स्टार्टअप और इंडस्ट्रियल पॉलिसी-2026’ के तहत सीड ग्रांट को बढ़ाकर 3 लाख रुपये से 5 लाख रुपये कर दिया गया है। इसमें 7 स्टार्टअप्स को 5-5 लाख रुपये और 24 स्टार्टअप्स को 3-3 लाख रुपये की ग्रांट दी जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये उद्यम हजारों रोजगार के अवसर पैदा करेंगे और युवाओं में नौकरी के लिए विदेश जाने की प्रवृत्ति को कम करने में मदद करेंगे। मान ने कहा कि मुफ्त बिजली, किसानों को दिन के समय बिजली की आपूर्ति और अन्य कई सुधारों के माध्यम से यह साबित हुआ है कि नए विचार सीधे लोगों को लाभ पहुंचा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि उद्यमिता और नवाचार में लगातार मिल रहे मजबूत समर्थन के कारण पंजाब भारत का स्टार्टअप हब बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सीड ग्रांट वितरण समारोह में उन्होंने कहा कि आज पंजाब के उद्योग के लिए एक ऐतिहासिक दिन है, विशेषकर हमारे युवा उद्यमियों के लिए जो नए विचारों के साथ अपना व्यवसायिक सफर शुरू कर रहे हैं। 31 स्टार्टअप्स को 1.07 करोड़ रुपये की सीड ग्रांट दी जा रही है। 7 स्टार्टअप्स को 5-5 लाख रुपये और 24 स्टार्टअप्स को 3-3 लाख रुपये की ग्रांट दी गई। ये युवा उद्यमी अपने सपनों को साकार कर रहे हैं और इस सहयोग के हकदार हैं।
पंजाबी अपनी मेहनत, जुनून और उद्यमिता के लिए दुनिया भर में जाने जा रहे: मान
भगवंत सिंह मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) भी इसी विचार से जन्मी थी, जब देश में पारिवारिक राजनीति का दबदबा था और आम आदमी की अनदेखी की जा रही थी। कई पहलुओं से ‘आप’ एक स्टार्टअप ही थी जिसने झाड़ू के अपने प्रतीक से राजनीतिक व्यवस्था को साफ किया। 2022 के विधानसभा चुनाव में पंजाब के लोगों ने 7 पूर्व मुख्यमंत्रियों और उनके परिवारों को बाहर का रास्ता दिखाया और ईमानदार सरकार को अवसर दिया। इस फैसले ने पंजाब को बदल दिया और इसे देश का एक प्रमुख प्रदेश बना दिया। पंजाबियों की उद्यमी भावना को उजागर करते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि पंजाबी अपनी मेहनत, जुनून और उद्यमिता के लिए दुनिया भर में जाने जाते हैं। इसी भावना से प्रेरित होकर हमारे युवा नए उद्यम शुरू कर रहे हैं और नए अवसर पैदा कर रहे हैं। वे केवल व्यवसाय नहीं चला रहे, बल्कि पंजाब के भविष्य को नया रूप दे रहे हैं।