Punjab
2019 बंगाल चुनाव हिंसा मामले में सीबीआई ने कादिर मुल्ला सहित 10 आरोपियों को किया गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई
West Bengal Elections 2019 Violence: कोलकाता। पश्चिम बंगाल के संदेशखाली क्षेत्र में वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में अब्दुल कादर मुल्ला का नाम भी शामिल है, जिसे निलंबित तृणमूल कांग्रेस नेता शेख शाहजहां का करीबी सहयोगी माना जाता है। West Bengal News
सीबीआई अधिकारियों के अनुसार यह मामला 8 जून 2019 को उत्तर 24 परगना जिले के नजत इलाके में हुई हिंसक घटना से जुड़ा है। उस दौरान राजनीतिक विवाद के बीच तीन भाजपा कार्यकर्ताओं — देबदास मंडल, प्रदीप मंडल और सुकांत मंडल — की हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि पार्टी के झंडे लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद बाद में हिंसक संघर्ष में बदल गया था। जांच एजेंसी का कहना है कि इस घटना में अब्दुल कादर मुल्ला और उसके सहयोगियों की भूमिका सामने आई है।
बताया जा रहा है कि कथित तौर पर शेख शाहजहां के निर्देश पर वारदात को अंजाम दिया गया था। शेख शाहजहां पहले से ही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) अधिकारियों पर हमले के मामले में जेल में बंद है। उस पर 5 जनवरी 2024 को ईडी टीम पर हुए हमले की साजिश रचने का आरोप है। प्रारंभिक जांच पश्चिम बंगाल पुलिस की अपराध जांच शाखा (सीआईडी) ने की थी, लेकिन पीड़ित परिवारों ने जांच पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कई प्रमुख आरोपियों के नाम चार्जशीट में शामिल नहीं किए गए।
इसके बाद मामले को लेकर कलकत्ता हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई, जिसमें निष्पक्ष जांच की मांग की गई थी। अदालत के निर्देश के बाद सीबीआई ने मामले की जांच अपने हाथ में ली। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर एजेंसी ने फरार चल रहे 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई अब मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और साजिश के पहलुओं की भी जांच कर रही है। West Bengal News