पंचकूला में राज्य स्तरीय पंचायत समारोह में सीएम सैनी ने दी बड़ी सौगातें, विभिन्न योजनाओं की किस्तें जारी
पेंशन, छात्रवृत्ति, लाडो लक्ष्मी और दयालु योजना की किस्त लाभार्थियों तक पहुंची
पंचकूला (सच कहूँ न्यूज)। Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ग्रामीणों को बड़ी राहत देते हुए घोषणा की है कि गांवों की शामलात भूमि पर पिछले 20 वर्षों से मकान बनाकर रह रहे पात्र परिवार अब मालिकाना हक प्राप्त करने के लिए 16 जनवरी 2027 तक आवेदन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे परिवारों से वर्ष 2004 की कलेक्टर दर के डेढ़ गुना के अनुसार भूमि की कीमत जमा करवाई जाएगी। दस्तावेजी कठिनाइयों के कारण कई पात्र परिवार आवेदन नहीं कर पाए थे, इसलिए सरकार ने उन्हें अतिरिक्त समय देने का निर्णय लिया है। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली, चालक और कचरा संग्रहण कर्मी उपलब्ध करवाने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि ये ट्रैक्टर विद्युत चालित होंगे तथा सरकार वेस्ट-टू-एनर्जी परियोजनाओं पर भी कार्य कर रही है।
समारोह में मुख्यमंत्री ने 17 जिलों के 179 गांवों की फिरनियों पर 23 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से स्थापित एलईडी स्ट्रीट लाइटों का उद्घाटन किया। साथ ही 17 जिलों में 44 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 350 अटल लाइब्रेरियों का भी लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने पंचायती राज संस्थाओं को विकास कार्यों के लिए 1,056 करोड़ 75 लाख रुपये सीधे उनके खातों में हस्तांतरित किए। उन्होंने कहा कि सरकार गांवों को विकास का भागीदार बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है और विभिन्न योजनाओं के तहत कुल 2,697 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की गई है।
जागृत ग्राम पुरस्कार से सम्मानित हुई पंचायतें
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जागृत ग्राम पुरस्कार के तहत प्रदेश की छह ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया। विकास, स्वच्छता और सुशासन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पंचायतों को कुल 1 करोड़ 66 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। फतेहाबाद जिले के जांडली कलां को 51 लाख रुपये, चरखी दादरी के झिंझर को 31 लाख रुपये तथा अंबाला के साहा गांव को 21 लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया। वहीं दूसरी श्रेणी में फतेहाबाद के जल्लोपुर को 31 लाख रुपये, गदली को 21 लाख रुपये और करनाल के मर्दानहेड़ी गांव को 11 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई।
विभिन्न योजनाओं की किस्तें भी जारी
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की मासिक किस्तें भी जारी कीं। दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 207 करोड़ 75 लाख रुपये की आठवीं किस्त महिलाओं के खातों में भेजी गई। हर घर-हर गृहिणी योजना के लाभार्थियों को 19 करोड़ 75 लाख रुपये प्रदान किए गए। इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों के खातों में 1,151 करोड़ 51 लाख रुपये सीधे हस्तांतरित किए गए। ओबीसी और डीएनटी वर्ग के विद्यार्थियों को 23 करोड़ 17 लाख रुपये की छात्रवृत्ति दी गई, जबकि दयालु योजना के अंतर्गत 169 करोड़ 50 लाख रुपये की वित्तीय सहायता जारी की गई।
