ज्योतिसर स्थित महाभारत अनुभव केंद्र में लगी आग, 200 बैटरियां व एसी खाक

दमकल विभाग की पांच गाड़ियों ने कड़ी कशक्कत से पाया आग पर काबू

Sarvesh Kumar Picture
Published On

कुरुक्षेत्र (सच कहूँ/आरडी गोयल)। Kurukshetra News: गीता स्थली ज्योतिसर स्थित महाभारत अनुभव केंद्र में रविवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग केंद्र के बी-ब्लॉक के बेसमेंट में लगी, जहां सोलर ऊर्जा पैनलों से जुड़ी करीब 200 बैटरियां रखी हुई थीं। बैटरियों में अचानक आग भड़कने के बाद देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास रखा सामान भी उसकी चपेट में आ गया। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। गनीमत रही कि जिस समय आग लगी, उस दौरान केंद्र के अंदर कोई कर्मचारी या पर्यटक मौजूद नहीं था।

रविवार होने के कारण केंद्र में पर्यटकों की आवाजाही नहीं थी। ऐसे में एक बड़ा हादसा टल गया। यदि उस समय बेसमेंट या भवन के अंदर लोग मौजूद होते तो जानमाल का भारी नुकसान हो सकता था। जानकारी के अनुसार पहले बेसमेंट से धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि बेसमेंट में रखी 200 से अधिक बैटरियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं। इसके अलावा वहां लगे तीन एसी भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गए। बैटरियों में आग लगने के कारण लगातार धमाके जैसी आवाजें सुनाई देती रहीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। दमकल कर्मियों को भी आग बुझाने में काफी सावधानी बरतनी पड़ी।

206 करोड़ की लागत से बना है अनुभव केंद्र 

महाभारत अनुभव केंद्र करीब 206 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्घाटन गत वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। केंद्र में आधुनिक डिजिटल तकनीक, लाइट एंड साउंड शो तथा महाभारत और श्रीमद्भगवद्गीता से जुड़ी ऐतिहासिक और पौराणिक जानकारियों को आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया जाता है।

Kurukshetra News

About The Author

Related Posts