कोर्ट के रिकॉर्ड रूम में लगी आग, बिल्डिंग का एक हिस्सा ढहा
आग बुझाने के लिए फायर बिग्रेड की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंची
गुरुग्राम (सच कहूँ/संजय कुमार मेहरा)। Gurugram Court Fire: यहां की निचली अदालत के रिकॉर्ड रूम में रविवार दोपहर को आग लग गई। आग से कमजोर होकर बिल्डिंग का एक हिस्सा ढह गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया। रिकॉर्ड रूम में रखे रिकार्ड की जलने की जानकारी भी सामने आई। कितना रिकॉर्ड जल चुका है और कितना सुरक्षित बचाया गया है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर के समय रिकॉर्ड रूम से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया।
वहां से गुजर रहे कुछ वकीलों ने तुरंत चौकीदार और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। इसके बाद दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास तेज कर दिया। काफी देर की मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोक लिया गया, लेकिन बिल्डिंग का एक हिस्सा भरभरा कर गिर गया। फायर ब्रिगेड अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट आग लगने की संभावित वजह मानी जा रही है, लेकिन वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। आग पूरी तरह बुझने के बाद रिकॉर्ड रूम में सर्च अभियान चलाया जाएगा, जिससे नुकसान का सही आकलन किया जा सके।
