एशियाई भारोत्तोलन चैंपियनशिप: कल्पना स्कूल की कोमल ने जीता कांस्य पदक
कल्पना चावला विद्यापीठ की छात्रा कोमल ने जीता ब्रॉन्ज मेडल
खरखौदा (सच कहूँ न्यूज़)। Kharkhoda: गुजरात के गांधीनगर में आयोजित एशियाई भारोत्तोलन चैंपियनशिप में 11 मई को भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए कल्पना चावला विद्यापीठ अकादमी की विद्यार्थी कोमल कोहर ने शानदार प्रदर्शन कर देश को गौरवान्वित किया है। 23 वर्ष की आयु में अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कोमल ने कांस्य पदक अपने नाम किया। उन्होंने भारोत्तोलन प्रतियोगिता में कुल 177 किलोग्राम वजन उठाया, जिसमें स्नैच श्रेणी में 78 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क श्रेणी में 99 किलोग्राम भार शामिल रहा। क्लीन एंड जर्क में उनके शानदार प्रयास ने उन्हें एक कांस्य पदक दिलाया।
कोमल की इस शानदार उपलब्धि पर अकादमी में खुशी की लहर छा गई। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उन्हें ढेरों बधाइयां दीं। वहीं कोमल के अकादमी पहुँचने भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर में तिलक लगाकर तथा फूलो की मालाओं के साथ अभिनंदन किया गया।
कोमल की इस शानदार सफलता के पीछे उनके कोच सत्यवान का कुशल मार्गदर्शन और अटूट मेहनत छिपी है। इस उपलब्धि पर अकादमी ने कोच सत्यवान के साथ-साथ कोमल के परिवारजनों को भी हार्दिक बधाई दी।
प्रबंध समिति, प्राचार्या उषा वत्स और प्राथमिक प्रभारी रितु ने कोमल की प्रशंसा करते हुए उन्हें अपना आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि कोमल की यह सफलता न केवल अकादमी के लिए खुशी का विषय है, बल्कि पूरे भारतवर्ष के लिए गौरव का विषय है। तथा यह अन्य युवाओं को भी भारोत्तोलन के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

About The Author