अंबाला के बिचपड़ी गांव में जमीनी विवाद ने लिया खूनी रूप, अंधाधुंध फायरिंग में तीन की मौत
अंबाला के बिचपड़ी गांव में जमीनी विवाद ने लिया खूनी रूप, अंधाधुंध फायरिंग में तीन की मौत
अंबाला। हरियाणा के शहजादपुर थाना क्षेत्र के तहत आने वाले बिचपड़ी गांव में शनिवार शाम मिट्टी खनन के ठेके को लेकर पक्षों के बीच उपजा विवाद तिहरे हत्याकांड में बदल गया। पारिवारिक कलह में एक युवक ने आपा खोकर अपने ही कुनबे पर गोलियां बरसा दीं। इस भीषण हमले में आरोपी की बुजुर्ग दादी, सगे भाई और चाचा की मौत हो गई, जबकि चाची गंभीर रूप से घायल हैं।
चश्मदीदों और पुलिस के अनुसार, गांव की दो किला जमीन से मिट्टी उठाने के ठेके में हिस्सेदारी को लेकर परिवार में पिछले कुछ समय से तनाव चल रहा था। शनिवार को इसी बात पर बहस इतनी बढ़ी कि आरोपी अभिषेक ने अपनी पिस्तौल निकाल ली। उसने सबसे पहले अपनी 95 वर्षीय दादी इसरो देवी को निशाना बनाया, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने आए भाई संदीप, चाचा महेंद्र और चाची पर भी उसने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अस्पताल ले जाते समय चाचा और भाई ने दम तोड़ दिया। शहजादपुर पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
About The Author