Punjab
डिंग मंडी व डबवाली रोड पर जलभराव और खुले नालों से लोग परेशान, समाधान की मांग उठी
डबवाली रोड पर खुले बरसाती नाले से लोग परेशान, स्लैब डालने की मांग
डिंग मंडी रोड पर थमे गंदे पानी से लोगों का जीना दूभर
सरसा (सच कहूँ न्यूज)। Sirsa News: डिंग रोड से डिंग मंडी जाने वाले मुख्य मार्ग पर गंदे पानी की निकासी नहीं होने के कारण सड़क पर लंबे समय से पानी जमा है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर हर समय गंदा पानी खड़ा रहने से राहगीरों और वाहन चालकों का निकलना मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार द्वारा विकास कार्यों के दावे किए जाते हैं, लेकिन इस सड़क की वर्तमान हालत देखकर ऐसा नहीं लगता कि यहां कभी कोई विकास कार्य हुआ हो। लगातार पानी भरे रहने से सड़क पूरी तरह टूट चुकी है और जगह-जगह गहरे गड्डे बन गए हैं।
गर्मी के मौसम में सड़क पर जमा गंदे पानी से उठ रही दुर्गंध ने आसपास के दुकानदारों और घरों में रहने वाले लोगों का जीना दूभर कर दिया है। लोगों को बदबू और गंदगी के बीच दिनभर गुजरना पड़ रहा है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के लिए यहां से गुजरना बेहद जोखिम भरा हो गया है। कई बार वाहन असंतुलित होकर गिर जाते हैं, जिससे लोगों को चोटें भी लग रही हैं।
गौरतलब है कि यह मार्ग पंजाब से राजस्थान को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिस पर दिनभर भारी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। लगातार भारी वाहनों के दबाव और पानी भरे रहने के कारण सड़क की हालत और अधिक खराब हो गई है। ग्रामीणों और स्थानीय दुकानदारों का आरोप है कि पंचायत और प्रशासन इस गंभीर समस्या की लगातार अनदेखी कर रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से जल्द जल निकासी की व्यवस्था करने और सड़क की मरम्मत करवाने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके और हादसों पर रोक लगाई जा सके।
डबवाली रोड पर खुले बरसाती नाले से लोग परेशान, स्लैब डालने की मांग
डबवाली रोड क्षेत्र में खुले बरसाती नाले से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है। नाले के अधिकांश हिस्से पर स्लैब नहीं होने के कारण आसपास गंदगी फैली रहती है और बदबू से लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से नाले को ढकने के लिए स्लैब लगाने या पाइप लाइन बिछाने की मांग उठाई है। स्थानीय निवासी कुलदीप शर्मा ने बताया कि पिछले करीब एक वर्ष से वे इस समस्या को लेकर अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। समस्या समाधान शिविरों और सीएम विंडो पर भी शिकायत दी जा चुकी है, इसके बावजूद केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं।
लोगों का कहना है कि खुले नाले में हर समय गंदगी जमा रहती है, जिससे आसपास बदबू फैलती है। दुकानदारों के अनुसार नियमित सफाई नहीं होने से ग्राहकों को परेशानी होती है और क्षेत्र की छवि भी खराब हो रही है। लोगों ने जल्द नाले को ढकने की मांग की है, ताकि गंदगी और दुर्घटनाओं के खतरे से राहत मिल सके।
उच्चाधिकारियों से बातचीत कर समाधान निकाला जाएगा। मानसून के दौरान नाले की सफाई करवाई जाती है और स्लैब लगाने को लेकर मौका निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
- राहुल कुमार, नगर परिषद के जेई
About The Author