Punjab
सोनीपत में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, तीन शातिर आरोपी गिरफ्तार
आत्मसमर्पण नहीं करने पर पुलिस ने पैरों में मारी गोली, पांच अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद
सोनीपत (सच कहूँ न्यूज)। Sonipat News: सोनीपत में रविवार को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पांच अपराधी घायल हो गए। पुलिस ने नौ घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए खरखौदा कोर्ट परिसर के बाहर हुए गैंगस्टर नीरज उर्फ कातिया हत्याकांड में फरार चल रहे तीन आरोपियों को काबू कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपियों के पैरों में गोली लगी।
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी मुरथल थाना क्षेत्र के गांव रेवली के पास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही एंटी गैंगस्टर यूनिट ने इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस के अनुसार जब आरोपियों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीनों बदमाश घायल हो गए।
तीनों आरोपी झज्जर के रहने वाले
घायल आरोपियों की पहचान नवनीत उर्फ साहिल, सोहन उर्फ काकू और साहिल उर्फ बाउ के रूप में हुई है। तीनों आरोपी झज्जर जिले के गांव दुबलधन के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से पांच अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोर्ट के बाहर हुई थी नीरज की हत्या
पुलिस के अनुसार 16 मई को नीरज उर्फ कातिया अपनी पत्नी के साथ दहेज मामले में पेशी के लिए खरखौदा कोर्ट आया था। दोपहर करीब 12:15 बजे जब वह कोर्ट से बस स्टैंड की ओर जा रहा था, तभी तहसील के मुख्य गेट के सामने एक सफेद ब्रेजा कार ने उसे टक्कर मार दी। कार रुकते ही उसमें सवार तीन युवकों ने नीरज पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
पुरानी दुश्मनी में की हत्या
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हत्या पुरानी रंजिश का परिणाम थी। पुलिस के मुताबिक वर्ष 2009 में नीरज उर्फ कातिया ने नवनीत उर्फ साहिल के चाचा की हत्या की थी। उसी घटना का बदला लेने के लिए नीरज की कोर्ट परिसर के बाहर हत्या की गई। पुलिस इस मामले को गैंगवार और आपसी दुश्मनी से जोड़कर जांच कर रही है। इस हत्याकांड में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। वहीं तीन आरोपी लगातार फरार चल रहे थे, जिनकी तलाश के लिए कई पुलिस टीमें सक्रिय थीं। रविवार को हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तीनों फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

About The Author