स्वामीनाथन रिपोर्ट, पेपर लीक, बेरोजगारी और महंगाई पर भाजपा दे जवाब, जनता से किए वादों का हिसाब मांगे देश : सतनाम सिंह विर्क

कांग्रेस प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री नायब सैनी पर साधा निशाना, कहा- वादे पूरे करने में विफल रही भाजपा सरकार

Published On

पिहोवा (सच कहूँ न्यूज़)। Pehowa News: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सरदार सतनाम सिंह विर्क ने भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस से सवाल पूछने से पहले भाजपा को अपने चुनावी वादों और पिछले वर्षों के शासन का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा ने वर्ष 2014 के चुनावी घोषणा-पत्र में किसानों के हित में स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें लागू करने का वादा किया था, लेकिन केंद्र और प्रदेश में लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद इस वादे को पूरी तरह लागू नहीं किया गया।

सतनाम सिंह विर्क ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की आय दोगुनी करने और उन्हें उनकी फसलों का लाभकारी मूल्य दिलाने के बड़े-बड़े दावे करती रही है, लेकिन आज भी किसान अपनी उपज के उचित दाम, बढ़ती लागत और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की बात करने वाली भाजपा अब अपनी नाकामियों से ध्यान भटकाने के लिए विपक्ष पर आरोप लगाने की राजनीति कर रही है। सतनाम विर्क ने कहा कि भाजपा ने देश के प्रत्येक नागरिक के खाते में 15-15 लाख रुपये भेजने, हर वर्ष दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने और भ्रष्टाचार खत्म करने जैसे अनेक वादे किए थे, लेकिन एक भी बड़ा वादा धरातल पर पूरा होता दिखाई नहीं दिया। आज देश और प्रदेश का युवा रोजगार की तलाश में भटक रहा है, जबकि सरकार केवल घोषणाओं और प्रचार तक सीमित रह गई है। विर्क ने कहा कि हरियाणा में बार-बार सामने आए पेपर लीक मामलों ने लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। मेहनत करके प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं का विश्वास व्यवस्था से उठता जा रहा है। भाजपा सरकार भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल रही है। प्रदेश का युवा आज जवाब मांग रहा है कि आखिर उसकी मेहनत और सपनों का जिम्मेदार कौन है।

उन्होंने बढ़ती महंगाई को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार हुई बढ़ोतरी ने आम आदमी की कमर तोड़कर रख दी है। खाद्य पदार्थों से लेकर रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं तक के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे गरीब, मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर और छोटे व्यापारियों का जीवन प्रभावित हुआ है। भाजपा सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह नाकाम रही है और उसकी नीतियों के कारण आम जनता की जेब पर लगातार डाका डालने का काम किया जा रहा है। सतनाम सिंह विर्क ने कहा कि आज किसान, युवा, कर्मचारी, व्यापारी, महिलाएं और आम नागरिक भाजपा सरकार की नीतियों से परेशान हैं। जनता जानना चाहती है कि चुनावों के दौरान किए गए वादों का क्या हुआ। भाजपा को विपक्ष पर सवाल उठाने के बजाय अपने कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अंतिम फैसला जनता करती है और जनता अब सरकार से जवाब मांग रही है। विर्क ने कहा कि कांग्रेस हमेशा किसानों, युवाओं, कर्मचारियों और आम जनता की आवाज उठाती रही है तथा आगे भी जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता सच्चाई को समझ रही है और आने वाले समय में जनविरोधी नीतियों का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।

Pehowa News

 

About The Author

Related Posts