Cylinder Leakage: सिलेंडर लीकेज से घर में लगी आग, दो झुलसे

फसल बेचकर खरीदा था शादी का सामान, हादसे में सब खत्म

Published On

भूना (सच कहूँ/संगीता रानी)। Bhuna News: भूना के कंबोज मोहल्ला स्थित वार्ड नंबर-6 की मोची रोड पर मंगलवार तड़के गैस सिलेंडर में कथित लीकेज के कारण एक घर में भीषण आग लग गई। इस हादसे में बेटी की शादी के लिए जुटाया गया सामान, नकदी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, फर्नीचर और अन्य घरेलू वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं। आग की चपेट में आने से किसान कालाराम कंबोज और उनकी पुत्री ममता कंबोज भी झुलस गए।

जानकारी के अनुसार कालाराम कंबोज ठेके पर जमीन लेकर खेती-बाड़ी का कार्य करते हैं। परिवार ने हाल ही में गेहूं की फसल से प्राप्त आय में से कुछ धनराशि बचाकर बेटी के विवाह की तैयारियां शुरू की थीं। घर में विवाह के लिए आवश्यक सामान और फर्नीचर खरीदा था। इसके अलावा बेटे की पढ़ाई के लिए नया लैपटॉप भी खरीदा था।

परिजनों के मुताबिक सोमवार को नया गैस सिलेंडर लगाया था। आशंका है कि सिलेंडर या रेगुलेटर में लीकेज होने से रातभर कमरे में गैस भरती रही। मंगलवार सुबह करीब चार बजे कालाराम चाय बनाने के लिए रसोई में पहुंचे। जैसे ही उन्होंने माचिस जलाई, अचानक आग भड़क उठी और पूरे कमरे में फैल गई। शोर सुनकर उनकी 18 वर्षीय पुत्री ममता बचाव के लिए दौड़ी, लेकिन वह भी आग की चपेट में आकर झुलस गई। कुछ ही मिनटों में आग ने घर में रखे सामान को अपनी गिरफ्त में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में दमकल विभाग और पुलिस की टीम ने पहुंचकर आग पर पूरी तरह काबू पाया।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं चेयरपर्सन प्रतिनिधि पंकज पसरीजा ने परिवार को 10 हजार रुपये की सहायता प्रदान करते हुए अन्य लोगों से भी सहयोग की अपील की।

Bhuna News

About The Author

Related Posts