ऊंचागांव में आरएसएस खंड कार्यवाह पर हमला, आरोपी गिरफ्तार
बहन को स्कूल छोड़कर लौट रहे आरएसएस पदाधिकारी पर जानलेवा हमला
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: बहन को विद्यालय छोड़कर कार से घर वापिस लौट रहे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कैराना खंड कार्यवाह पर एक व्यक्ति ने ईंट से हमला कर दिया, जिसमें उसके हाथ की उंगली टूट गई। पुलिस ने हमले के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। क्षेत्र के ऊंचागांव निवासी अश्वनी शर्मा ने कोतवाली कैराना पर अभियोग पंजीकृत कराया है। बताया कि वह विगत शनिवार को प्रातः करीब सात बजे अपनी बहन को कैराना विद्यालय में छोडकर कार से घर वापिस लौट रहा था।
बिजेन्द्र उर्फ काला नामक युवक भी उसके साथ में था। जैसे ही वह शनिदेव मंदिर से घर की ओर जाने वाले रास्ते पर पहुंचा, तभी गांव के पंकज शर्मा नामक युवक ने उसकी कार के सामने अपनी स्कूटी खड़ी कर दी। उसने उक्त पंकज शर्मा से अपनी स्कूटी हटाने को कहा, जिस पर वह आग बबूला हो गया। आरोपी ने गाली-गलौच करते हुए खिड़की खोलकर उसे कार से बाहर खींच लिया और ईंट से हमला कर दिया। आरोपी के हमले में उसके बाएं हाथ की उंगली टूट गई। आरोपी ने ईंट से उसके शरीर पर भी कई जगह प्रहार किए, जिसमें उसकी कोहनी व कमर में भी चोट आई है।
शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए, जिसपर आरोपी भविष्य में मौका मिलने पर जान से मारने की धमकी देता हुआ फरार हो गया। रविवार को पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार करके मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर दिया। पीड़ित युवक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ(आरएसएस) का कैराना खंड कार्यवाह बताया गया है। वहीं, आरोपी युवक शामली के हिंदू कन्या इण्टर कॉलिज में लिपिक के पद पर तैनात है। उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री ने बताया कि युवक पर हमले के आरोपी को शांति भंग होने की आशंका के चलते गिरफ्तार करके सक्षम न्यायालय में पेश किया गया है।