आग लगाने के मामले में झुलसे अरुण की भी इलाज के दौरान हुई मौत, परिवार में मचा कोहराम
एसपी ग्रामीण के समझाने के बाद परिजन राजी हुए अंतिम संस्कार को
फिरोजाबाद (सच कहूँ न्यूज़)। Firozabad News: शिकोहाबाद में 5 जून शुक्रवार की रात करीब 11 बजे मोहल्ला पड़ाव में युवक, युवती द्वारा युवती के मकान में ही ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने के मामले में युवती खुशी शर्मा की शनिवार सुबह मौत के बाद सोमवार रात साढ़े 9 बजे के करीब आगरा के एक निजी अस्पताल में गंभीर रूप से झुलसे हुए युवक अरुण कठेरिया की भी मौत हो गई। युवक मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया । मंगलवार को युवक का आगरा में पोस्टमार्टम कराने के बाद उसका शव शिकोहाबाद के मोहल्ला गंगा नगर स्थित आवास पहुंचा। इस दौरान पुलिस भारी तादाद में पहले से ही लगा दी गई थी। जिससे कोई बड़ा बबाल ना होने पाए । इधर मौके पर खुद एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी ने लोगों को समझा बुझाकर कर आरोपियों पर कड़ी कार्यवाही का भरोसा दिलाया। उसके बाद परिजन शव के अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। शाम को गमहीन माहौल में युवक के पैतृक गांव मोहब्बतपुर अहीर में जाकर अंतिम संस्कार कर दिया।
शुक्रवार की रात मोहल्ला पड़ाव में खुशी शर्मा, उसके प्रेमी अरुण कठेरिया ने ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली थी। आत्मदाह की घटना में प्रेमी युगल 70 से 80 प्रतिशत झुलस गए थे। उस समय पुलिस ने घर का गेट तोड़कर प्रेमी युगल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था जहां हालत गंभीर होने पर एस एन मैडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में प्रेमिका खुशी की कुछ देर बाद ही मौत हो गई थी , जबकि अरुण का इलाज चल रहा था। देर रात अरुण की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। हाइप्रोफाइल मामला होने के कारण प्रशासन ने युवक की मौत के बाद उसके शव का डॉक्टरों का एक पैनल बनाकर पोस्टमार्टम कराया गया। उसके बाद उसके शव को परिजनों को सौंप दिया था।
मंगलवार शाम करीब साढ़े 4 बजे शव के घर पहुंचने पर कोहराम मच गया। परिजन दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग करने लगे। उनका कहना था कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होगे तब तक अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। इसके बाद एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी ने परिजनों को आश्वासन दिया। वहीं एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी ने परिजनों से कहा कि मुकदमे के आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीम लगी हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही मुकदमें में वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा ।
भारी फोर्स के चलते नहीं कर पाए प्रदर्शन
प्रशासन को परिजनों तथा अन्य लोगों द्वारा शव के साथ प्रदर्शन करने की भनक लग गई थी। स्थानीय पुलिस के साथ ही जिला मुख्यालय से भी फोर्स बुलाकर गली, नुक्कड़ों, हाईवे पर लगा दिया गया था।
अरुण की मां ने दर्ज कराया है मुकदमा
युवक की मां ने रविवार को थाने में युवती खुशी के मामा अवनीश शर्मा, आशीष शर्मा निवासीगण पजावा मैनपुरी, मां ममता शर्मा निवासी मोहल्ला पड़ाव शिकोहाबाद पर मुकदमा दर्ज कराया है।
