अंगीठी की गैस से घुटा दम, दो बच्चों की मौत, चार गंभीर

Incident

सुभाष नगर की घटना, चार-पांच महीने से किराए पर रह रहा था परिवार

लुधियाना (सच कहूँ न्यूज)। लुधियाना में अंगीठी जलाने के चलते जहरीली गैस में दम घुटने से 2 बच्चों की मौत हो गई, जबकि परिवार के 4 अन्य लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मकान मालिक ने बताया कि सुबह सभी 6 लोग बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंचाए गए, जहां दोनों बच्चों को डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया गया।

घटना लुधियाना थाना टिब्बा के अधीन बस्ती जोधेवाल स्थित सुभाष नगर की है। मामले की जांच कर रहे एएसआइ जसपाल सिंह ने बताया कि मृतक बच्चों की पहचान बस्ती जोधेवाल की इंद्रलोक कॉलोनी की गली नंबर 10 निवासी सौरव (10) तथा गौरव (12) के रूप में हुई है। बच्चों के पिता प्रमोद कुमार व उसकी माता निशा, बहन सुनीता व जीजा सुशील कुमार कमरे में बेहोश मिले, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। प्रमोद की बहन सुनीता व बहनोई सुशील कुमार चंद्रलोक कॉलोनी की गली नंबर 8 में किराये पर रहते हैं।

सोमवार रात निशा की सेहत ठीक नहीं होने के कारण प्रमोद ने फोन करके अपनी बहन व जीजा को अपने पास बुला लिया। इस बारे में मकान मालिक तरसेम लाल की पत्नी रेखा ने पुलिस को बताया कि प्रमोद कुमार का परिवार रोज सात बजे उठ जाता था, मगर मंगलवार सुबह नौ बजे तक जब कोई नहीं जगा तो उसके पति ने दरवाजा खटखटाया। काफी देर दरवाजा खटखटाने के बाद किसी तरह से उठकर आए प्रमोद ने दरवाजा खोला।

अंदर दोनों बच्चों समेत पांच लोग बेसुध पड़े थे। इसके बाद फौरन पुलिस को मामले की सूचना दी गई। 108 एबुलेंस की मदद से सभी को सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने सौरव व गौरव को देखते ही मृतक करार दे दिया, जबकि अन्य चारों का उपचार शुरू कर दिया। प्रमोद ने मकान मालिक को बताया कि तड़के तीन बजे प्यास लगने पर सौरव व गौरव ने उसे जगा दिया।

उसने उठकर दोनों को पानी पिलाकर सुला दिया और खुद भी सो गया। इसके बाद कैसे क्या हुआ, उसे पता हीं नहीं चला। सुबह गेट खटखटाने की आवाज सुनकर उसने उठने की कोशिश की, मगर बड़ी मुश्किल से उसने उठकर दरवाजा खोला। पारिवारिक सदस्यों के ठीक होने के बाद आज दोनों बच्चों के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

 

 

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।