सरसा: कृषि कानूनों के विरोध में किसानों का क्रमिक अनशन शुरू

सरसा (सुनील वर्मा)। केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में हरियाणा में यहां बरनाला रोड स्थित शहीद भगत सिंह स्टेडियम में धरना दे रहे किसानों का आज से क्रमिक अनशन शुरू हो गया है। पहले दिन जिलेभर से आए किसानों में से 11 किसान क्रमिक अनशन पर बैठे। क्रमिक अनशन पर बैठने वालों में गुरदीप सिंह, अवतार सिंह तार, मनी सूरतिया, गुरमीत काला, हरपाल दंदीवाल, हरपाल प्रधान, वकील सिंह खालसा, राजा सिंह, काका सिंह, अजय मान और अवतार हैं। इस अवसर पर हरियाणा किसान मंच के प्रदेशाध्यक्ष प्रहलाद सिंह भारूखेड़ा ने कहा कि कृषि कानूनो के विरूद्ध किसानों के पक्का मोर्चा को कथित तौर पर से सभी का समर्थत मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि पक्का मोर्चा धरनास्थल से किसानों का एक दल आज उचाना के लिए रवाना हुआ है जिसमें कई किसान संगठनों के प्रतिनिधि और कुछ किसान शामिल हैं। भारूहेड़ा के अनुसार उचाना में राज्य के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का शनिवार को कार्यक्रम है। इसलिए ये किसान प्रतिनिधि वहां पहुंच कर उनसे कृषि कानूनों और किसानों के मुद्दों पर जवाब मांगेंगे। उन्होंने कहा कि किसान प्रतिनिधियों का दल उचाना के गांवों में दौरा कर किसानों को केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के बारे में जागरूक करेगा। उन्होंने सरकार को चेताया कि अगर उसने जल्द तीनों कृषि कानून वापिस नहीं लिये तो किसान आमरण अनशन करने पर मजबूर होंगे।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।