मुश्किलों को हरा आगे बढ़ रही स्ट्रेंथ लिफ्टिंग खिलाड़ी सुनीता देवी

Strength Lifting Player sachkahoon

केंद्रीय मंत्री, हरियाणा के खेल मंत्री, महम विधायक एवं सामाजिक संगठनों ने बढ़ाए मदद के हाथ

  • सितंबर में किर्गिस्तान में इंटर यूरोपियन वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए बहा रही पसीना

भिवानी (सच कहूँ/इन्द्रवेश)। जब हौंसला व संकल्प मजबूत हो, तब कठिन परिस्थितियों में भी रास्ता निकल ही आता है। ऐसा ही हुआ है भिवानी के भीम स्टेडियम में प्रैक्टिस करने वाली 22 वर्षीय अंतर्राष्ट्रीय स्ट्रेंथ लिफ्टिंग खिलाड़ी सुनीता देवी के साथ। इनको जब कमजोर आर्थिक हालातों के बीच जूझते हुए खेल जारी रखते देखा तब चारों तरफ से उनकी मदद को हाथ बढ़े, जिसके चलते अब वो अपने खेल पर ध्यान केंद्रित कर पा रही हैं तथा लगभग 26 लाख रुपए की आर्थिक मदद अब तक केन्द्र व राज्य के मंत्रियों व विधायकों से मिल चुकी हैं।

मूल रूप से रोहतक जिले के सिसर खास की रहने वाली बीए फाइनल ईयर में बढ़ने वाली महिला स्ट्रेंथ लिफ्टिंग खिलाड़ी (Strength Lifting Player) सुनीता देवी को जब उनकी माता के साथ शादियों में खाना बनाने में मदद करते देखा तो उनकी विडियो इतनी वायरल हुई कि केंद्रीय मंत्रियों व हरियाणा राज्य के खेल मंत्री तक भी पहुंचे। सुनीता देवी ने थाईलैंड के बैंकॉक में वर्ष 2020 में हुई वर्ल्ड स्ट्रेंथ लिफ्टिंग चैंपियनशिप में 52 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड मैडल जीतने के अलावा 25 विभिन्न स्पर्धाओं में अपने आप को साबित कर चुकी है।

Strength Lifting Player sachkahoonखुद केन्द्रीय खेल मंत्री ने की मदद की पहल

आर्थिक तंगी के चलते मजदूरी करने को मजबूर सुनीता देवी की मदद के लिए केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने पांच लाख रुपए की आर्थिक मदद की। वहीं हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह ने पांच लाख रुपए की मदद, महम हल्के के विधायक बलराज कुंडू ने पांच लाख रुपए तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से जुड़े लोगों ने भी उन्हें आर्थिक मदद की। इस प्रकार उन्हें जून 2021 के बाद लगभग 26 लाख रुपए की आर्थिक मदद मिल चुकी है। जिसकी बदौलत वे अपना खेल जारी रखे हुए हैं। इसके अलावा उनके गाँव सिसर खास की पंचायत ने भी उन्हें गाँव स्तर पर एक रिहायशी प्लॉट देने का भी निर्णय लिया है, ताकि ऐसी प्रतिभावान खिलाड़ी आर्थिक तंगी के चलते अपने खेल को जारी रख सकें।

माता-पिता के साथ करती थी मजदूरी

गाँव सिसर खास की खिलाड़ी सुनीता देवी अपने पिता ईश्वर सिंह व माता जमना देवी के साथ उनके मजदूरी के कार्यों में हाथ बंटाती रही। इसी दौरान उन्होंने वर्ष 2019 में छत्तीसगढ़ में हुए नेशनल स्ट्रेंथ लिफ्टिंग (Strength Lifting Player) में गोल्ड मैडल, वर्ष 2021 में बिहार के कुच्छ में हुए नेशनल स्ट्रेंथ लिफ्टिंग में गोल्ड मैडल के अलावा विभिन्न प्रतियोगिताआ में पदक लाकर देश का नाम रोशन किया है। वर्ष 2020 वर्ल्ड स्ट्रेंथ लिफ्टिंग चैंपियनशिप में मैडल जीतने के बाद वे लोगों की नजर में आई तथा इस प्रतिभावान खिलाड़ी को पहचान मिलनी शुरू हुई।

सभी जरूरतमंद खिलाड़ियों को मिले आर्थिक मदद : सुनीता देवी

सुनीता देवी कहती हैं कि जिस प्रकार उन्हें मदद मिली है, इस प्रकार ओर भी जरूरतमद खिलाड़ियों को भी मदद मिलनी चाहिए, ताकि वे भी अपना खेल कैरियर जारी रख सकें। इसके लिए उन्होंने केंंद्रीय मंत्री किरण रजिजू व राज्य खेल मंत्री संदीप सिंह के अलावा सभी मददगारों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि वे अब तीन मई से पांच मई के बीच मध्यप्रदेश के जबलपुर में होने वाली नेशनल स्ट्रेंथ लिफ्टिंग प्रतियोगिता में भाग लेने जाएंगी। इसके बाद इसी वर्ष सितंबर में किर्गिस्तान में आयोजित इंटर यूरोपीयन वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी भाग लेंगी। उन्होंने बताया कि अब उनका फोकस स्ट्रेंथ लिफ्टिंग के अलावा वेट लिफ्टिंग व सेपक टकरा की तरफ भी है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।