डीपीसी के नेतृत्व में टीम ने केन्द्र स्थापित करने के लिए शहर के विभिन्न जगहों का किया निरीक्षण

Haryana School Project Council sachkahoon

सच कहूँ/सुनील वर्मा, सरसा। करीब तीन साल पहले बंद किए गए जिला विज्ञान केन्द्र को पुन: शुरू करने की जिला शिक्षा विभाग ने कवायद शुरू कर दी है। हरियाणा स्कूल परियोजना परिषद के निदेशक जे गणेशन के निर्देश पर शहर में जिला विज्ञान केन्द्र के लिए उपयुक्त स्थान का चयन करने के लिए मंगलवार को समग्र शिक्षा के जिला परियोजना समन्वयक बुटाराम के नेतृत्व में शिक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न जगहों का निरीक्षण किया। अगर जिला विज्ञान केन्द्र शुरु होता है तो यह विज्ञान की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों के लिए काफी लाभकारी होगा।

2017 में जिला विज्ञान केन्द्र के भवन में बना दिया अंत्योदय केंद्र

वर्तमान में हरियाणा स्कूल परियोजना परिषद के निदेशक जे गणेशन 2014 में जब सरसा में उपायुक्त थे तो उन्होंने सरसा में जिला विज्ञान केन्द्र की स्थापना की थी। लेकिन 2017 में जब प्रदेश सरकार ने सभी जिलों में अंत्योदय केंद्र बनाए तो उस समय सरसा की अतिरिक्त उपायुक्त ने जिला विज्ञान केन्द्र के भवन को खाली करवाकर इसमें अंत्योदय केंद्र बना दिया। केन्द्र में पड़े विज्ञान के विभिन्न प्रोजेक्ट को विभिन्न स्कूलों में शिफ्ट कर दिया था। जिस कारण जिला विज्ञान केन्द्र बंद हो गया।

हरियाणा स्कूल परियोजना परिषद के निदेशक जे गणेशन द्वारा जिले में बंद पड़े जिला विज्ञान केन्द्र को शुरू करने के निर्देश दिए गए है। उनके निर्देश पर मंगलवार को शहर में अलग-अलग तीन जगहों का निरीक्षण किया गया है। जहां पर जिला विज्ञान केन्द्र स्थापित किया जा सकें। जल्द ही रिपोर्ट बनाकर विभाग को सौंप दी जाएगी।

बुटाराम, जिला परियोजना समन्वयक, समग्र शिक्षा अभियान सरसा।

जिला विज्ञान केन्द्र बनने का यह होगा फायदा

विद्यार्थियों को हस्तगत अनुभव के साथ विज्ञान किट्स तैयार करने की कुशलता प्राप्त होगी। विज्ञान के विभिन्न पहलुओं से परिचित होंगे। जनसाधारण दूरदर्शी द्वारा गृह, चांद, तारे जैसे खगोलीय पिंडों का अवलोकन कर सकते हैं। विज्ञान केंद्र दर्शकों द्वारा प्रभावी रूप से विज्ञान को जनसामान्य तक ले जाते हैं।

इन जगहों का टीम ने किया निरीक्षण

जिला परियोजना समन्वयक बुटाराम के नेतृत्व में सहायक जिला परियोजना समन्वयक गोपाल कृष्ण शुक्ला व डॉ. मुकेश कुमार ने कृषि विज्ञान केन्द्र में पूर्व में चलने वाले प्राइमरी स्कूल की बिल्डिंग का निरीक्षण किया। इसके पश्चात कंगनपुर रोड पर प्राइमरी स्कूल, का निरीक्षण किया गया। बाद में बीडीपीओ ऑफिस के समीप चल रहे भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केन्द्र के भवन का निरीक्षण किया गया।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।