फैक्ट्री की निर्माणाधीन दीवार ढही , 2 की मौत

Death,Wall Collapse, Factory, Injured, Haryana

मिस्त्री सहित 2 की मौत, 2 घायल

सरसा (सच कहूँ न्यूज)। शहर के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक फैक्टरी की दीवार के ढहने से एक मिस्त्री और एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो मजदूर घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए विभिन्न स्थानों पर भर्ती कराया गया है। घटना के मुताबिक वीरवार को शहर के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक फैक्टरी में 25 फुट की दीवार का निर्माण किया जा रहा था जिसमें मजूदर व मिस्त्री जुटे हुए थे। दोपहर बाद दीवार के निर्माण के दौरान एकाएक दीवार ढह गई, जिससे निर्माण में लगे एक मिस्त्री व एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो मजदूर घायल हो गए। इनमें से एक मजदूर की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे निजी अस्पताल में रेफर किया गया है। दूसरे मजदूर की टांग टूटने के कारण उसे नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं अन्य की तलाश की जा रही है कि कहीं मलबे में कोई और मजदूर तो नहीं दबा है। घटना में मरने वाले मिस्त्री की पहचान 35 वर्षीय राजेंद्र उर्फ राजू निवासी ढाणी ठाकुरोंवाली के रूप में हुई है। मरने वाला दूसरा व्यक्ति गांव फूलकां निवासी शेरसिंह पुत्र गणपत मजदूर है। वहीं घायल मजदूरों की पहचान पनिहारी निवासी छिंदा व कर्मगढ़ निवासी अमन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जब दीवार ढही तो फैक्टरी संचालक अपने निजी वाहनों में ही मजदूरों को अस्पताल में उपचार कराने ले गया था। वहीं पुलिस ने इस संबंध में फैक्टरी संचालक के खिलाफ भी लापरवाही का केस दर्ज किया है।

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।