तेज बरसात से सड़कों पर जमा हुआ पानी, निचले इलाकों में घरों में घुसा पानी

Weather-in-Rajasthan

श्रीगंगानगर (सच कहूँ न्यूज)। शहर में शनिवार को दूसरे दिन तेज बरसात जहां खेती के लिए अच्छे संकेत लेकर आई वहीं श्रीगंगानगर शहर में कई कॉलोनियों और मुख्य मार्गों पर खूब पानी भर गया। शहर में सुचारू निकासी व्यवस्था नहीं होने से कई निचले इलाकों में घरों में पानी भर गया। करीब एक घंटे तक हुई 53 एमएम से ज्यादा बरसात से शहर के हाल बेहाल हो गए। शहर के रवींद्र पथ, एल ब्लॉक, सुखाड़िया मार्ग, जी ब्लॉक और कई अन्य प्रमुख इलाकों में सड़कें तालाब बन गई। यहां लोगों को घरों से निकलने में ही परेशानी आई। कुछ लोग जरूरीकाम से घरों से निकले भी तो सड़कों पर निकले भी तो उनके दो पहिया और चार पहिया वाहन गड्ढों के चलते सड़कों पर फंस गए। शहर के गौशाला रोड और रवींद्र पथ का तो हाल बुरा था। यही स्थिति सुखाड़िया सर्किल के आसपास के इलाकों में भी थी।

घरों में घुस गया पानी 

बरसात इतनी तेज थी की बरसात शुरू होने के करीब बीस मिनट बाद ही घरों में पानी आने लगा। कई घरों में बर्तन पानी में तैरने लगे तो कई जगह लोगों को कुर्सियों और बैड पर बैठकर वक्त बिताना पड़ा। मुख्य मार्गों के अलावा इंदिरा कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड, ब्लॉक एरिया तथा पुरानी आबादी के कुछ निचले इलाकों में लोगों को जबर्दस्त परेशानी हुई। श्रीगंगानगर के वृद्धाश्रम रोड पर जमा पानी।

बीच सड़क रुके वाहन 

शहर में कई जगह वाहन बीच सड़क रुक गए। सड़कों पर जमा पानी में से वाहन निकालने की कवायद में कई वाहन चालकों को गड्ढ़ों ने परेशान किया तो कई वाहन चालकों को पानी के कारण बीच सड़क ही रुकना पड़ा। शहर में कई जगह पानी निकासी के लिए प्रबंध किए गए। पूर्व पार्षद संदीप शर्मा ने बताया कि उनके वार्ड 53 में कई जगह पानी भर गया है। वहीं कई इलाकों में घरों के अंदर पानी जमा है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।